बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : साजा विधानसभा क्षेत्र के विधायक ईश्वर साहू ने आज जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत घीवरी में आयोजित “जनसमस्या निवारण शिविर” में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने राशन कार्ड, पेंशन, पेयजल, बिजली, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं। विधायक श्री साहू ने प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर वास्तविक एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
इस अवसर पर विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि शासन द्वारा आम जनता के हित में अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही हैं और इन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन होने से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
“सुशासन तिहार” सुशासन का उत्सव : विधायक
विधायक श्री साहू ने “सुशासन तिहार” को आम जनता की समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रशासन स्वयं गांव तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करे। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार का मुख्य ध्येय जनता की सेवा है। ‘सुशासन तिहार’ के माध्यम से प्रशासन को जनता के द्वार तक लाया गया है, ताकि पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ लोगों की समस्याओं का निराकरण किया जा सके।”
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
शिविर में मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों को विधायक श्री साहू ने निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित समाधान एवं मौके पर ही समस्याओं के निराकरण पर विशेष जोर दिया। विधायक श्री साहू ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि समस्याओं का प्रभावी समाधान करना है। साथ ही लोगों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना और जनता एवं प्रशासन के बीच की दूरी को कम करना भी इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान अनेक हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा सुकन्या समृद्धि योजना अंतर्गत पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। स्थानीय नागरिकों ने जनसमस्या निवारण शिविर की सराहना करते हुए इसे आम जनता के लिए उपयोगी एवं राहत प्रदान करने वाली पहल बताया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Comments