परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद :फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रक्शा के जंगल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जंगल में युवक का शव उसकी मोटरसाइकिल के पास पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई। घटना की जानकारी मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान दस्तावेज एवं मोटरसाइकिल के आधार पर खेमप्रकाश दीवान निवासी ग्राम नागझर, थाना पाण्डुका के रूप में की गई है। दस्तावेज में दर्ज मोबाइल नंबर 6261858847 बताया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक का शव जंगल क्षेत्र में संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला, जिससे लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि आखिर खेमप्रकाश दीवान जंगल क्षेत्र तक कैसे पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी परिचित या रिश्तेदार से मिलने आया होगा, अथवा दोस्तों के साथ किसी मुलाकात के लिए निकला हो सकता है। वहीं कुछ लोग निजी कार्य से जंगल क्षेत्र में पहुंचने की संभावना भी जता रहे हैं। हालांकि अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों एवं परिचितों से पूछताछ कर मृतक की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटनास्थल से मिले तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटना, आत्महत्या अथवा किसी अन्य कारण से हुई है।
फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक एवं दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों की नजर अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सके।


Comments