गोवा के लग्जरी विला से चल रहा था करोड़ों का क्रिकेट सट्टा, रायगढ़ पुलिस ने 6 बड़े खाईवालों को दबोचा

गोवा के लग्जरी विला से चल रहा था करोड़ों का क्रिकेट सट्टा, रायगढ़ पुलिस ने 6 बड़े खाईवालों को दबोचा

रायगढ़:ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के बड़े नेटवर्क पर रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोवा से छह बड़े सट्टा संचालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच अब मध्य भारत के चर्चित “मन्नू नथानी” गैंग तक पहुंच गई है। आरोपियों के पास से 10 मोबाइल जब्त किए गए हैं, जिनमें करोड़ों रुपये के हवाला लेनदेन, बेटिंग आईडी और डिजिटल नेटवर्क के अहम सुराग मिले हैं।

पुलिस के मुताबिक, थाना कोतवाली में दर्ज सट्टा प्रकरण में पहले गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद नेटवर्क का खुलासा हुआ। तकनीकी जांच में खरसिया, रायगढ़, रायपुर और सक्ती से जुड़े सट्टा कारोबारियों के तार गोवा तक जुड़े मिले। इसके बाद रायगढ़ पुलिस की साइबर टीम ने गोवा के कैंडोलिम बीच क्षेत्र स्थित किराए के विला में दबिश देकर छह आरोपियों को पकड़ा।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी तीन अलग-अलग तरीकों से IPL क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालित करते थे। ये रायपुर से “अभिनंदन बुक/लाइन” के जरिए सेशन भाव लेकर नीचे प्लेयर्स तक पहुंचाते थे। इसके अलावा APK आधारित ऐप के जरिए 7 सेकंड पहले लाइव मैच देखकर समय का फायदा उठाते थे। साथ ही महादेव सट्टा की तर्ज पर क्रिकेट बेटिंग ऐप के जरिए खिलाड़ियों को सट्टा खेलने की सुविधा देते थे।

जांच में यह भी सामने आया है कि दुबई से बेटिंग आईडी महानगरों के जरिए इन आरोपियों तक पहुंचती थी। इसके बाद यह आईडी मध्य भारत के छोटे खाईवालों और प्लेयर्स तक कमीशन पर उपलब्ध कराई जाती थी। एक आईपीएल सीजन में करोड़ों रुपये के लेनदेन के संकेत मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरोह हवाला के जरिए पैसों का ट्रांजैक्शन करता था। आरोपियों के मोबाइल में नोटों के सीरियल नंबर के जरिए रकम ट्रांसफर करने के प्रमाण मिले हैं। इससे पहले भी एक करोड़ रुपये से ज्यादा नकदी जब्त की जा चुकी है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि संगठित अपराध, ऑनलाइन सट्टा और हवाला नेटवर्क के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments