रायपुर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे. वह रात 8:30 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद नवा रायपुर स्थित होटल में रात्रि विश्राम करेंगे. 18 मई की सुबह 10:30 बजे शाह राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में डायल-112 के नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इसके बाद दोपहर 12:20 बजे वे जगदलपुर पहुंचेंगे और बस्तर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. नेटनार में जनसुविधा केंद्र का शुभारंभ करने के साथ ही शाम को जगदलपुर में पुलिस विभाग द्वारा आयोजित लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे. शाह का रात्रि विश्राम जगदलपुर में ही होगा.
19 मई को सुबह 11 बजे से जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक आयोजित होगी, जिसकी अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे. बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे. नक्सलवाद के खात्मे के बाद अमित शाह पहली बार बस्तर पहुंच रहे हैं. बैठक के बाद उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस भी प्रस्तावित है. इसके बाद गृह मंत्री शाह दोपहर करीब 3:40 बजे जगदलपुर से दिल्ली रवाना होंगे.
CM साय का आज जशपुर और धमतरी दौरा
रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर और धमतरी जिले के दौरे पर रहेंगे. जारी कार्यक्रम के अनुसार वे सुबह रायगढ़ से हेलीकॉप्टर द्वारा जशपुर के पत्थलगांव पहुंचेंगे, जहां मैरिज गार्डन में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर में धमतरी पहुंचकर पुराने कृषि उपज मंडी परिसर में आयोजित ‘सुशासन तिहार-2026’ कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. दौरे के दौरान लोहरसी सर्किट हाउस में भी दोपहर 3:25 बजे से 3:55 बजे तक का समय आरक्षित रखा गया है. इसके बाद लगभग शाम 4:05 बजे वह धमतरी से रवाना हो जाएंगे.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन आज से
रायपुर. देश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्रियों की कीमतों में बेतहाशा बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने मोदी सरकार की नीतियों के खिलाफ आंदोलन का ऐलान कर दिया है. इस दौरान चार दिनों तक सड़कों में उतरकर कांग्रेसी भाजपा सरकार की नाकामियों की पोल खोलेंगे. पीसीसी ने चार दिवसीय आंदोलन की घोषणा के साथ सभी जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं. प्रदेश के सभी जिला और ब्लॉक मुख्यालयों में 17 मई से धरना प्रदर्शन शुरू होगा.
आंदोलन के दौरान कांग्रेसी मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों और नाकामियों को उछालेंगे. वहीं प्रधानमंत्री की अदूरदर्शिता के चलते महंगाई को लेकर भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए घेराबंदी होगी. प्रदेश कांग्रेस ने दावे किए कि महंगाई की वजह से मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर, व्यापारी एवं आम नागरिक आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं. पीसीसी के निर्देशों के तहत 17 मई से आंदोलन शुरू होगा. पहले दिन पेट्रोल-डीजल संकट और दाम बढ़ाए जाने के विरोध में पेट्रोल पम्पों के सामने धरना प्रदर्शन होगा. इस दौरान बढ़ी हुई कीमतें वापस लेने की मांग की जाएगी. वहीं मांग को लेकर बैनर, स्लोगन एवं तख्ती लेकर प्रदर्शन के निर्देश दिए गए हैं. आंदोलन के दौरान पेट्रोल पम्पों में आम लोगों से भी संवाद किया जाएगा. इसी तरह 18 मई को खाद्य तेल एवं राशन सामाग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर किराना बाजारों में प्रदर्शन होगा. वहीं किराना व्यवसायियों के अलावा आम जनता से उनकी दिक्कतों और महंगाई पर बात की जाएगी. इधर 19 मई को पीएम द्वारा सोने की खरीदी नहीं करने की अपील पर सराफा कारोबार ठप करने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए प्रदर्शन होंगे. प्रदर्शन के दौरान सोने-चांदी के व्यापारियों, कारीगरों एवं कर्मचारियों के रोजी-रोटी पर संकट के विरोध में सराफा बाजारों में प्रदर्शन की योजना है. सराफा व्यवसायियों और ग्राहकों से संवाद किया जाएगा. आंदोलन के अंतिम दिन 20 मई को सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जाएगा. इसमें महंगाई और आवश्यक वस्तुओं की कमी को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचारित किया जाएगा.


Comments