रायगढ़ : सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ जिले के कुसमुरा में आयोजित विशाल सभा में जिलेवासियों को 102 करोड़ 93 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के 24 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें करीब 34 करोड़ रुपए की लागत वाले 13 कार्यों का लोकार्पण तथा लगभग 69 करोड़ रुपए की लागत वाले 11 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प के साथ लगातार आगे बढ़ रही है और अब प्रदेश की जनता विकास और बदलाव को महसूस कर रही है। उन्होंने रायगढ़ से अपने पुराने आत्मीय संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां की जनता ने हमेशा उन्हें परिवार के सदस्य जैसा स्नेह दिया है।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनता और सरकार के बीच विश्वास, संवाद और समाधान का मजबूत माध्यम बन चुका है। मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 मई से 10 जून तक आयोजित इस अभियान के जरिए आम लोगों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जा रहा है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मुख्यमंत्री ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीब परिवारों के हित में चल रही योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है और 13 लाख किसानों को 3716 करोड़ रुपए का बकाया बोनस दिया जा चुका है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रही है।
सभा में मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक पारदर्शिता और डिजिटल गवर्नेंस पर जोर देते हुए जल्द मुख्यमंत्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की। इसके माध्यम से लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे और तय समय सीमा में उसका निराकरण होगा।
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न मांगों को मंजूरी देते हुए सूपा, घुघुवा, पुटकापुरी, तारापुर, उसरौट और काशीचुआं को जोड़ने वाली सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की घोषणा की। साथ ही कुसमुरा में महतारी सदन, खाद्य भंडारण गोदाम और उप स्वास्थ्य केंद्र उन्नयन का भी आश्वासन दिया। उन्होंने लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले कुसमुरा कॉलेज भवन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया दौर शुरू हुआ है। वहीं राधेश्याम राठिया ने कहा कि सरकार जनता के बीच पहुंचकर विकास कार्यों को गति दे रही है।
इस अवसर पर देवेन्द्र प्रताप सिंह, रायगढ़ महापौर जीवर्धन चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


Comments