सरगुजा संभाग की सबसे भव्य कलश यात्रा: 10 हजार मातृशक्तियों ने उठाया कलश, जय श्रीराम के नारों से गूंजा चिरमिरी

सरगुजा संभाग की सबसे भव्य कलश यात्रा: 10 हजार मातृशक्तियों ने उठाया कलश, जय श्रीराम के नारों से गूंजा चिरमिरी

एमसीबी,चिरमिरी : चिरमिरी बड़ा बाजार स्थित सीता कुंड से रविवार को भव्य श्रीराम कथा महोत्सव का शुभारंभ ऐतिहासिक कलश यात्रा के साथ हुआ। सरगुजा संभाग की सबसे बड़ी बताई जा रही इस विशाल कलश यात्रा में 10 हजार से अधिक मातृशक्तियों ने सिर पर कलश धारण कर भाग लिया, वहीं लगभग 20 हजार श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने पूरे चिरमिरी शहर को राममय बना दिया। करीब 5 किलोमीटर लंबी इस यात्रा की कतार लगभग 3 किलोमीटर तक फैली रही, जिसने श्रद्धालुओं को मानो प्रभु श्रीराम के अवतरण की अनुभूति करा दी।

कलश यात्रा के दौरान “जय श्रीराम” और “रामधुन” की गूंज से पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। यात्रा का शुभारंभ विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ, जिसके बाद मातृशक्तियों ने भव्य शोभायात्रा के रूप में नगर भ्रमण किया। यात्रा मार्ग में जगह-जगह व्यापारियों, समाजसेवियों एवं धर्मप्रेमियों द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शीतल पेयजल, शरबत और अन्य सेवा व्यवस्थाएं की गई थीं।

भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए प्रशासन एवं आयोजन समिति द्वारा विशेष इंतजाम किए गए। पूरे मार्ग में मैट बिछाए गए थे तथा लगातार पानी का छिड़काव किया जाता रहा ताकि मातृशक्तियों और श्रद्धालुओं को राहत मिल सके। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि लगभग 100 नर्सिंग स्टाफ आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के लिए यात्रा के साथ पैदल चलते रहे।

यात्रा में ड्रोन के माध्यम से हनुमान जी के स्वरूप द्वारा पुष्प वर्षा की गई, जिसने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं रामरथ में भगवान श्रीराम, माता सीता एवं हनुमान जी की आकर्षक झांकियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। रामरथ में द्वारपाल के रूप में सजे हनुमान स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहे।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल स्वयं कलश यात्रा की अगवानी करते नजर आए। उन्होंने मातृशक्तियों की भारी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नारी सशक्तिकरण की सोच का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “आज चिरमिरी में जो दृश्य देखने को मिला, वह ऐतिहासिक है। यह भव्य श्रीराम कथा और कलश यात्रा पीढ़ियों तक याद रखी जाएगी।”

कलश यात्रा में कोरिया, चिरमिरी, मनेंद्रगढ़, झगराखांड, खोगापानी, पटना, बैकुंठपुर, चरचा एवं खड़गवां सहित विभिन्न क्षेत्रों से जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भाजपा जिलाध्यक्ष, शहर के मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा को और बढ़ाया।

यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में चिरमिरी पुलिस के साथ अन्य थानों से पहुंचे पुलिस बलों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता इंतजामों के बीच पूरी यात्रा शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से संपन्न हुई।

भव्यता, आस्था, अनुशासन और जनसहभागिता का ऐसा संगम चिरमिरी में पहली बार देखने को मिला, जिसने इस कलश यात्रा को सरगुजा संभाग के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल कर दिया।








You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments