संजय दत्त की फिल्म ‘आखिरी सवाल’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को लेकर अब एक बड़ा अपडेट सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 17 मई को फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग राष्ट्रपति भवन में आयोजित की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस खास आयोजन की तैयारियां पिछले कई दिनों से गुपचुप तरीके से चल रही थीं। हालांकि, कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों और आमंत्रित लोगों की जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन 40 लाख रुपये की नेट कमाई की थी। वहीं दूसरे दिन की कमाई जोड़ने के बाद इसका कुल भारतीय नेट कलेक्शन करीब 1.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि दो दिनों में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 1.35 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
इसी बीच फिल्म को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। खबरों की मानें तो यूएई में फिल्म की रिलीज पर रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि वहां के सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कई बदलाव और कट लगाने की सिफारिश की थी, लेकिन निर्माता भारतीय वर्जन में किसी तरह का बदलाव नहीं करना चाहते थे। इसी वजह से फिल्म को यूएई में रिलीज नहीं करने का फैसला लिया गया।
‘आखिरी सवाल’ की कहानी एक ऐसी अहम बैठक के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसे देश के इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। फिल्म में सामाजिक और राजनीतिक घटनाओं के उन पहलुओं को दिखाने की कोशिश की गई है, जिन पर आमतौर पर कम चर्चा होती है। फिल्म में संजय दत्त के अलावा अमित साध, नमाशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, त्रिधा चौधरी और नीतू चंद्र जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म को संजय दत्त ने खुद प्रोड्यूस भी किया है।


Comments