पिथौरा : पिथौरा में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बागबाहरा रोड स्थित पेट्रोल पंप पहुंचकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और हाथों में तख्तियां लेकर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान पूर्व जनपद उपाध्यक्ष मुकेश यादव ने कहा कि महंगाई के खिलाफ चुनाव जीतकर सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में आज महंगाई ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का असर हर जरूरत की वस्तु पर पड़ रहा है, जिससे आम आदमी की जिंदगी मुश्किल हो गई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
उन्होंने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ और केंद्र की भाजपा सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है और लोगों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना कठिन होता जा रहा है।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष करनसिंह दीवान ने कहा कि आने वाले दिनों में भी महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को उठाती रहेगी।
इस प्रदर्शन में आत्माराम यादव, नरेंद्र सेन, अरविंदर सिंह छाबड़ा, काशीराम शर्मा, प्रेमलाल सिन्हा, पूनम मानिकपुरी, घनश्याम धांढ़ी, पवन कुमार साहू, हराधन साहू, बुद्धेश्वर डड़सेना, मिक्कू आजमानी, सुदर्शन मुन्ना, राजू सिन्हा, महेंद्र साहू, फिरोज खान, कौशल रोहिल्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Comments