मंगलवार को शेयर बाजार में दिनभर भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों शानदार तेजी के साथ खुले थे। सेंसेक्स 400 अंकों से ज्यादा चढ़ गया था, जबकि निफ्टी भी 23,780 के करीब पहुंच गया था। लेकिन दिन चढ़ने के साथ बाजार का मूड पूरी तरह बदल गया और आखिर में सेंसेक्स दिन की ऊंचाई से करीब 600 अंक टूटकर लाल निशान में बंद हुआ। बाजार बंद होने पर सेंसेक्स 114 अंक गिरकर 75,200 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 23,618 के स्तर पर आ गया। अचानक आई इस गिरावट ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।
IT शेयरों में रही शानदार तेजी
हालांकि पूरे बाजार में दबाव देखने को मिला, लेकिन IT सेक्टर ने शानदार प्रदर्शन किया। निफ्टी IT इंडेक्स में 3% से ज्यादा की तेजी दर्ज हुई। इन्फोसिस के शेयर करीब 5% तक चढ़ गए। वहीं टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएलटेक और टेक महिंद्रा के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिली।
क्यों अचानक लाल हुआ शेयर बाजार?
1. कमजोर ग्लोबल संकेत
एशियाई बाजारों में कमजोरी का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। जापान और दक्षिण कोरिया के बाजार लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। वहीं अमेरिकी फ्यूचर्स में भी गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों का भरोसा कमजोर हुआ।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
2. रुपये में रिकॉर्ड गिरावट
भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले रिकॉर्ड निचले स्तर 96.52 तक पहुंच गया। मजबूत डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड बढ़ने से रुपये पर दबाव बढ़ा। कमजोर रुपये से विदेशी निवेशकों की चिंता बढ़ी और बाजार में बिकवाली तेज हो गई।
3. अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में उछाल
अमेरिका की 10 साल की बॉन्ड यील्ड एक साल के उच्च स्तर पर पहुंच गई। इससे यह संकेत मिला कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व आगे ब्याज दरें बढ़ा सकता है। ऐसी स्थिति में विदेशी निवेश भारत जैसे बाजारों से पैसा निकालकर अमेरिकी बॉन्ड में लगा सकते हैं।
आगे क्या रहेगा बाजार का रुख?
विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। ग्लोबल संकेत, रुपये की चाल और विदेशी निवेशकों की एक्टिविटी बाजार की दिशा तय करेंगी।


Comments