बेमेतरा टेकेश्वर दुबे: आम जनता की मांगों, समस्याओं और शिकायतों का जमीनी स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद पंचायत साजा अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरनपुर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में क्षेत्रीय विधायक ईश्वर साहू शामिल हुए। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं और मांगों के आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर के दौरान विधायक श्री ईश्वर साहू ने अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश देते हुए कहा कि केवल कागजी खानापूर्ति से काम नहीं चलेगा, बल्कि नागरिकों की समस्याओं का धरातल पर वास्तविक एवं त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है और जनसमस्या निवारण शिविर का उद्देश्य तभी सार्थक होगा जब पीड़ित व्यक्ति को उसकी समस्या से राहत मिलेगी।
विधायक साहू ने शिविर में पहुंचे नागरिकों की समस्याएं स्वयं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर बुलाकर निराकरण की समय-सीमा तय की। उन्होंने कहा कि अधिकारी संवेदनशीलता के साथ आवेदनों की जांच करें तथा जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव है, उन्हें मौके पर ही पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसी भी नागरिक को अपने जायज कार्यों के लिए कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और उनकी उम्मीदों पर खरा उतरना ही जनसमस्या निवारण शिविर की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन आमजनों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य प्रशासन को आम जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें और समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही हो सके।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
“त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता” — कलेक्टर
जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने भी उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार आम नागरिकों की समस्याओं और शिकायतों के मौके पर निराकरण के उद्देश्य से जिलेभर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने कहा कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण भी किया तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से निराकरण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक श्री ईश्वर साहू ने विशेष रूप से पेंशन, राशन कार्ड, नामांतरण-बंटवारा, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों में प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
जनसमस्या निवारण शिविर में केवल आवेदन प्राप्त नहीं किए गए, बल्कि विभिन्न विभागों द्वारा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं से लाभान्वित भी किया गया। विधायक श्री ईश्वर साहू के हाथों हितग्राहियों को विभिन्न सामग्रियां एवं स्वीकृति पत्र वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 3 किसानों को कृषि स्प्रेयर उपकरण वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 5 महिलाओं को पोषण आहार किट प्रदान की गई। राजस्व विभाग द्वारा 5 किसानों को किसान किताबें वितरित की गईं। श्रम विभाग ने 5 हितग्राहियों को नवीन श्रम पंजीयन कार्ड सौंपे, जबकि समाज कल्याण विभाग द्वारा एक दिव्यांग हितग्राही को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। खाद्य विभाग ने 5 पात्र परिवारों को नवीन राशन कार्ड वितरित किए। शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुश्री पिंकी मनहर, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के मैदानी अमले तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


Comments