बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने आज जिला कार्यालय स्थित दिशा भवन सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित प्रकरणों एवं शासन की प्राथमिकताओं की विस्तार से समीक्षा की। बैठक में अधिकारियों को जनहित के कार्यों को समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
सुशासन और जवाबदेही पर विशेष जोर
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि शासन की मंशा अनुरूप आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रशासन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही दिखाई देनी चाहिए। शासकीय कार्यालयों में आने वाले लोगों के साथ संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और समाधान की दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए।
ईंधन को लेकर अफवाहों से बचने की अपील
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने बैठक में पेट्रोल एवं डीजल की उपलब्धता को लेकर फैल रही भ्रामक सूचनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में अफवाहों के कारण कई उपभोक्ता आवश्यकता से अधिक ईंधन भरवा रहे हैं, वहीं कुछ लोग जरीकेन, बोतल एवं अन्य पात्रों में पेट्रोल-डीजल संग्रहित करने के लिए भी पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ की स्थिति बन रही है। कलेक्टर ने बताया कि सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए तेल कंपनियों IOCL, BPCL एवं HPCL द्वारा जरीकेन, डिब्बा अथवा अन्य खुले पात्रों में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगाया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल-डीजल क्रय करें। प्रशासन द्वारा जिले में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश
बैठक में ‘सुशासन तिहार’ अंतर्गत प्राप्त आवेदनों एवं अन्य लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि केवल फाइलों का औपचारिक निपटारा नहीं बल्कि वास्तविक और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदन निर्धारित पंजी में दर्ज हों तथा प्राथमिकता के आधार पर समय पर निराकरण किया जाए ताकि आम लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था पर रखें सतत निगरानी
आगामी खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद एवं बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वितरण व्यवस्था में किसी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग करने तथा अवैध भंडारण, जमाखोरी एवं कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने कहा गया।
पेयजल व्यवस्था सुचारु रखने के निर्देश
गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि जहां पानी की समस्या उत्पन्न हो रही हो वहां तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था कर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही पाइपलाइन लीकेज एवं खराब हैंडपंपों की मरम्मत में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
निर्माण कार्यों एवं सीएम स्कूल जतन योजना की समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम स्कूल जतन योजना अंतर्गत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पदमाकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज व गुड्डू लाल जगत सहित सर्व एसडीएम और जिला अधिकारी उपस्थित थे |

Comments