दंतेवाड़ा : दंतेवाड़ा जिले के अति दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्रों में शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी लगातार क्षेत्रीय प्रवास कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित कर रहे हैं। इसी क्रम में कुआकोंडा ब्लॉक अंतर्गत बुरगुम, नहाड़ी, पोटाली, अरनपुर सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों का व्यापक दौरा कर उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं विकास संबंधी मांगों का गंभीरतापूर्वक जायजा लिया।
प्रवास के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी खुलकर अपनी बात रखते हुए सड़क, पेयजल, राशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं से अवगत कराया।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद्य सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी स्थिति की समीक्षा की गई। योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से सीधे संवाद कर फीडबैक लिया गया तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से पहुंचाने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम छोर पर बसे ग्रामीणों तक विकास की रोशनी पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए लगातार दूरस्थ क्षेत्रों का दौरा कर आमजन से संवाद स्थापित किया जा रहा है, ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके और विकास कार्यों को गति मिल सके।
प्रवास के दौरान उचित मूल्य दुकान, उप स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र सहित विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सेवाओं में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
ग्रामीणों में जिला पंचायत अध्यक्ष के इस जनसंपर्क एवं संवाद कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने दूरस्थ क्षेत्रों में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने एवं समाधान की पहल को शासन की संवेदनशील कार्यशैली बताते हुए सराहना की।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी, जनपद सदस्य हीरालाल मुरकाम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य पायके मरकाम, भाजपा मंडल अध्यक्ष भीमा कावासी, जनपद सदस्य जोगा सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Comments