भिलाई:नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं का जायजा लेने के उद्देश्य से जोन-04 खुर्सीपार क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक शौचालय, सामुदायिक भवन, निर्माणाधीन भवन, सड़क चौड़ीकरण और सड़क बाधाओं की जमीनी स्थिति को देखा। आयुक्त ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए।आयुक्त ने वार्ड क्रमांक 40, छावनी मंगल बाजार स्थित सामुदायिक शौचालय के मरम्मत कार्य एवं सामुदायिक भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं को देखा। वार्ड क्रमांक 41, तिरंगा चौक के समीप स्थित स्कूल में विधायक निधि से किए जा रहे सौंदर्यीकरण कार्य तथा समग्र शिक्षा मद से निर्माणाधीन भवन का अवलोकन कर कार्य जल्द पूरा करने को कहा। शासन द्वारा संचालित महत्वाकांक्षी 'नगरोत्थान योजना' के तहत बी.ई.सी. चौक से लेकर तिरंगा चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
मुख्य मार्ग पर रेत रखकर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को सड़क पर अवैध रूप से निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अमरनाथ दुबे, सहायक अभियंता चंद्रकांत साहू, उप अभियंता बसंत साहू, सहायक राजस्व अधिकारी बालकृष्ण नायडू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी हेमंत मांझी, पार्षद प्रतिनिधि राकेश बंछोर सहित स्वच्छता निरीक्षक अतुल यादव और निगम के अन्य कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Comments