परमेश्वर राजपूत,गरियाबंद : जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना देवभोग पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में कुल 156.06 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए विधि से संघर्षरत बालक सहित 05 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा परिवहन में प्रयुक्त दो चारपहिया वाहनों को भी जप्त किया है। जप्त मादक पदार्थ एवं वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 86 लाख 53 हजार रुपये बताई जा रही है।पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में थाना देवभोग पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि उड़ीसा की ओर से भारी मात्रा में अवैध गांजा वाहनों के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।

पहली कार्रवाई ग्राम मुरलीगुड़ा डोंगरीपारा मार्ग में की गई, जहां पुलिस ने सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 04 BD 7321 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर वाहन चालक तेजी से भागने लगा और वाहन अनियंत्रित होकर एक नीम के पेड़ से टकरा गया। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर वाहन में सवार आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से तीन प्लास्टिक बोरियों में कुल 80 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये आंकी गई है।इसी क्रम में दूसरी सूचना पर पुलिस टीम ने पुलिया के पास घेराबंदी कर मारुति सुजुकी एस-क्रॉस वाहन क्रमांक MP 04 KG 0614 को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से चार प्लास्टिक बोरियों में कुल 76.06 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 38 लाख 03 हजार रुपये बताई गई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
दोनों मामलों में पुलिस ने कुल 156.06 किलोग्राम गांजा एवं दो चारपहिया वाहनों को जप्त किया है। आरोपियों के खिलाफ थाना देवभोग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
राहुल राजपूत (21 वर्ष), निवासी बाजपेई नगर, साजनाबाद, जिला भोपाल (म.प्र.)
संजय बामने (23 वर्ष), निवासी बाजपेई नगर, थाना साजनाबाद, जिला भोपाल (म.प्र.)
अनिकेत उर्फ अंकित पाल (26 वर्ष), निवासी बिसनखेड़ी बायपास, गांधीनगर, जिला भोपाल (म.प्र.)
साहिल खान (22 वर्ष), निवासी बाजपेई नगर, थाना साजनाबाद, जिला भोपाल (म.प्र.)
विधि से संघर्षरत बालक, निवासी लालघाटी, थाना कोहेफिजा, जिला भोपाल (म.प्र.)
जप्त सामग्री
156.06 किलोग्राम अवैध गांजा
स्विफ्ट डिजायर कार क्रमांक MP 04 BD 7321
मारुति सुजुकी एस-क्रॉस वाहन क्रमांक MP 04 KG 0614
कुल जप्ती मूल्य लगभग ₹86,53,000/-
गरियाबंद पुलिस ने कहा है कि जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

Comments