एमसीबी : जिले के शिक्षा विभाग में इन दिनों बोर्ड परीक्षा परिणाम को लेकर लगातार चर्चाएँ और आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। प्रदेश स्तरीय परीक्षा परिणाम में जिला एमसीबी का स्थान 33वें क्रम पर आने के बाद कई मीडिया संस्थानों द्वारा वर्तमान जिला शिक्षा अधिकारी को जिम्मेदार ठहराया जा रहा है। हालांकि शिक्षा जगत से जुड़े कई लोगों का मानना है कि इसके पीछे केवल वर्तमान प्रशासन को दोषी ठहराना उचित नहीं होगा।
शिक्षकों और विभागीय सूत्रों के अनुसार, पिछले वर्षों में हुए युक्तियुक्तकरण और स्थानांतरण प्रक्रिया ने जिले की शिक्षा व्यवस्था को गहराई से प्रभावित किया। आरोप है कि तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के कार्यकाल में कई शिक्षकों को दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भेजा गया, जहाँ मूलभूत आवागमन सुविधाएँ तक उपलब्ध नहीं थीं। वहीं कुछ शिक्षकों को कथित रूप से मनचाही पदस्थापना मिलने की चर्चाएँ भी विभाग में लंबे समय तक होती रहीं।
कई शिक्षकों ने स्थानांतरण और पदस्थापना को लेकर न्यायालय की शरण भी ली थी। विभागीय विवादों और प्रशासनिक अस्थिरता के कारण पढ़ाई का वातावरण प्रभावित हुआ, जिसका असर विद्यार्थियों की तैयारी पर भी पड़ा। शिक्षा से जुड़े लोगों का कहना है कि लगभग चार से पाँच महीनों तक शैक्षणिक व्यवस्था अव्यवस्थित बनी रही और इसका सीधा असर बोर्ड परीक्षा परिणामों पर दिखाई दिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कुछ शिक्षकों और कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाए कि पदस्थापना प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी रही तथा पक्षपातपूर्ण निर्णयों के कारण योग्य शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ा। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि किसी भी जिले के परीक्षा परिणाम केवल एक अधिकारी के कार्यकाल से तय नहीं होते, बल्कि इसके पीछे कई वर्षों की प्रशासनिक नीति, शिक्षकों की उपलब्धता, संसाधनों की स्थिति और शैक्षणिक वातावरण जिम्मेदार होते हैं।
ऐसे में वर्तमान जिला शिक्षा अधिकारी पर पूरे परीक्षा परिणाम का दोष मढ़ना न्यायसंगत नहीं माना जा सकता। जिले के नागरिकों और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों का कहना है कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक आरोपों से ऊपर उठकर दीर्घकालिक सुधार की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में विद्यार्थियों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित न हो।

Comments