सारंगढ़ : शहर के हृदयस्थल लक्ष्मीबाई कॉम्प्लेक्स स्थित बायज कलेक्शन दुकान के संचालक सम्मी केशरवानी पर दिन-दहाड़े तीन युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें तीन युवक लाठी-डंडों के साथ दुकान में घुसकर व्यापारी के सिर पर ताबड़तोड़ वार करते दिखाई दे रहे हैं।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि हमलावरों का इरादा गंभीर नुकसान पहुंचाने का था। अचानक हुए इस हमले से आसपास के व्यापारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने सोनू यादव समेत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 333, 118(1), 296, 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच में कपड़ा विवाद की बात सामने आ रही है। वहीं, पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली है और पूरे मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है।

Comments