सारंगढ़-बिलाईगढ़ : खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह उत्साहपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
शिविर में एथलेटिक्स, योगा, कराते, फुटबॉल, वॉलीबॉल, क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह को संबोधित करते हुए कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने कहा कि बच्चों को मोबाइल गेम और मोबाइल की लत से दूर रखना जरूरी है। उन्होंने पालकों से बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए प्रेरित करने की अपील करते हुए कहा कि जीवन में पढ़ाई और खेल दोनों का समान महत्व है। उन्होंने कहा कि बच्चे अपने पसंदीदा खेल में हिस्सा लें और पढ़ाई के साथ खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़कर जिले व प्रदेश का नाम रोशन करें।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों सहित सभी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, कैप और पानी की बोतल देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार प्राप्त कर बच्चों में विशेष उत्साह देखा गया।
समापन अवसर पर नन्ही रानी यादव ने कराते का शानदार प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कलेक्टर ने उनकी सराहना करते हुए हौसला अफजाई की। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Comments