आर्म्स एक्ट केस पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन खत्म, प्रशासन के आश्वासन पर माने दीपक बैज और टीएस सिंहदेव

आर्म्स एक्ट केस पर कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन खत्म, प्रशासन के आश्वासन पर माने दीपक बैज और टीएस सिंहदेव

सूरजपुर :  उत्तर छत्तीसगढ़ में बीते तीन दिनों से चली कांग्रेस के हल्ला बोल का प्रभावी असर देखने को मिला। अब से कुछ देर पहले धरना स्थल पर एसडीएम पहुंची और कांग्रेस के तीन मांग को पूरा करने सहमति जताई। एसडीएम ने आमरण अनशन समाप्त करने पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव व पीसीसी चेयरमैन दीपक बैज से अनुरोध किया। कार्यकर्ताओें की सहमति के बाद सिंहदेव व बैज ने नारियल पानी पीकर आमरण अनशन समाप्त किया। इसके साथ ही बीते तीन दिनों से चली आ रही इस सियासी हलचल का पटाक्षेप हो गया है।

बता दें, मंगलवार देर रात एसडीएम और पुलिस अफसर धरना स्थल पर पहुंचे और भूख हड़ताल खत्म कराने मान मनौव्वल करते रहे। इस बीच देर रात पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज कर लिया है। कांग्रेस का एक मांग पुलिस प्रशासन ने पूरा कर दिया है। दूसरे पक्ष के खिलाफ पुलिस ने काउंटर एफआईआर दर्ज कर ली है। पूर्व डिप्टी सीएम सिंहदेव व पीसीसी चेयरमैन दीपक बैज ने जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी के खिलाफ लगाए गए आर्म्स एक्ट हटाने और इस पूरे मामले में एक पक्षीय कार्रवाई करने वाले टीआई को निलंबित करने की मांग पर अड़े हुए थे। कांग्रेस नेताओं का गुस्सा शांत करने और आंदोलन को खत्म कराने के लिए मंगलवार देर रात सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल व सूरजपुर जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धरना स्थल पर पहुंचे। कांग्रेस के दोनों नेताओं की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में अफसरों से सीधी बात हुई। पूरी बातचीत धरना स्थल पर बैठी भीड़ के सामने हुई। सिंहदेव व बैज ने दोटूक कहा, जब तक आर्म्स एक्ट नहीं हटाई जाती और गड़बड़ी करने वाले टीआई को निलंबित नहीं किया जाता, धरना यूं ही चलते रहेगा।

अफसरों और कांग्रेस के नेताओं के बीच तकरीबन तीन घंटे तक बातचीत चली। कांग्रेस के नेता अपनी मांगों से पीछे हटने तैयार नहीं हुए। तीन घंटे की मशक्कत के बाद अफसर वापस लौट गए।

पढ़िए क्या है मामला?

नगर पंचायत शिवनंदनपुर में पहली बार हो रहे नगरीय निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस ने बड़ा बवाल खड़ा कर दिया है। कांग्रेस का विरोध इस बात को लेकर है, उनकी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ पुलिस ने बिना जांच के भाजपा के जिला अध्यक्ष मुरली सोनी के आवेदन पर आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है। एफआईआर रद्द करने की मांग को लेकर कांग्रेस की सियासत गरमा गई है। जैसे-जैसे आंदोलन की तिथि आगे बढ़ते जा रही है, धरनरा स्थल पर कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ जुटने लगी है। कांग्रेस ने इसे पूरी तरह स्थानीय निकाय के हो रहे चुनाव में मुद्दा बना दिया है। टीएस सिंहदेव ने भाजपा पर आरोप लगाया है, भाजपा हर तरह के हथकंडे अपना रही है। सीबीआई, ईडी और अन्य जांच एजेंसियों के जरिए विपक्ष पर लगातार हमला कर रही है। चुनाव को प्रभावित करने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

बता दें कांग्रेस के जिला पदाधिकारी के खिलाफ दायर एफआईआर ने बड़ा रूप ले लिया है। कांग्रेस ने इसे मुद्दा बना लिया है। विरोध इस कारण महत्वपूर्ण हो गया है, क्योंकि वहां पर छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बेमुद्दत धरने पर बैठ गए हैं। सोमवार को दोपहर बाद थाने के सामने बैठे बैज की मांग है कि पुलिस केस वापस ले और जब तक केस वापस नहीं होता है तब तक वे धरने पर बैठे रहेंगे।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

नगर पंचायत में आगामी एक जून को मतदान होना है

मतदान से पहले ही कांग्रेस ने एकजुट होकर वहां पर माहौल बना दिया है। कांग्रेस नेताओं का साफ कहना है कि राजनीतिक द्वेष के कारण पुलिस ने एफआईआर दर्ज किया है। कड़ी धूप में बैठे बैज को समर्थन देने के लिए आसपास के जिलों के कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी धरना स्थल पर पहुंचने लगे हैं। इससे धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा हो गया है। धरने में आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, पारसनाथ राजवाड़े, शफी अहमद, बालकृष्ण पाठक, भानुप्रताप सिंह, दानिश रफीक, जिलाध्यक्ष शशि सिंह और सुभाष गोयल सहित कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंच चुके हैं।

कांग्रेस का प्रचार रोकने की कोशिश

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बैज ने आरोप लगाया है कि पार्टी का प्रचार रोकने के उद्देश्य से झूठा केस दर्ज किया गया है। कांग्रेस की ओर से जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन कांग्रेस प्रत्याशियों के चुनाव संचालन और प्रचार में अहम भूमिका निभा रहे थे। प्रचार को कमजोर करने के लिए और उन्हें चुनाव प्रचार से दूर करने के उद्देश्य से झूठा मुकदमा दर्ज कराया गया। बैज ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस इस पूरे मामले की शिकायत चुनाव आयोग से भी करेगी और प्रतिनिधिमंडल भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग करेगी।

विवाद के बाद केस दर्ज

जिन मामले में पुलिस पर झूठा केस दर्ज करने का आरोप लग रहा है, उसमें कांग्रेस नेताओं का कहना है कि शनिवार रात भाजपा कार्यकर्ता मित्तल पांडेय, भाजपा उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के निवास पहुंचे। अपनी हरकतों से उन्होंने नरेंद्र को उकसाने की असफल कोशिश की। इसके बाद रविवार रात करीब 8 बजे नरेंद्र मेन रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान के सामने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे थे। तभी मित्तल पांडेय अपने एक साथी के साथ कार से वहां पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि मित्तल ने वहां पर उपस्थित लोगों से जमकर अभद्रता की और धमकी देते हुए चले गए। इसके बाद केवल भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर थाने में नरेंद्र जैन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया। शिकायत में थाने में कहा गया है कि नरेंद्र ने मित्तल पर कटार तान दी थी। जबकि घटनास्थल के आसपास लगे किसी सीसीटीवी कैमरे में इस तरह का कोई सीन कैद नहीं हुआ है। कांग्रेस का कहना है कि केवल शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है, जबकि न तो आरोपी से पूछताछ की गई है और न ही सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई है।

धरना खत्म करने के लिए ये रखी थी मांगे

बैज के नेतृत्व में चल रहे धरने को खत्म करने के लिए कांग्रेस ने अपनी मांगें पुलिस के सामने रख दी है। इसमेंं कहा गया है कि नरेंद्र जैन पर दर्ज आर्म्स एक्ट की धारा हटाई जाए और इसके साथ ही नरेंद्र जैन की पत्नी की शिकायत पर भी अपराध दर्ज किया जाए। इसके अतिरिक्त तीसरी मांग झूठा मामला दर्ज करने वाले विश्रामपुर थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने की रखी गई थी।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments