राजनांदगांव :आगामी पंचायत चुनाव, पर्व-त्योहार और संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए राजनांदगांव पुलिस अब पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है। जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मंगलवार को जिलेभर के थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों और फील्ड ऑफिसर्स की मैराथन समीक्षा बैठक लेकर कानून व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए। बैठक में साफ कर दिया गया कि किसी भी विवाद, अफवाह या असामाजिक गतिविधि पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी और जरूरत पड़ने पर “क्विक रिस्पांस टीम” 10 से 15 मिनट के भीतर मौके पर पहुंचेगी।बैठक के दौरान एसपी अंकिता शर्मा ने पूर्व में हुई संवेदनशील घटनाओं को केस स्टडी के रूप में प्रस्तुत कर अधिकारियों को यह समझाया कि कानून व्यवस्था बिगड़ने से पहले हालात का पूर्वानुमान लगाना और मौके पर त्वरित निर्णय लेना कितना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि चुनावी माहौल और त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
एसपी ने जिले में गठित “लॉ एंड ऑर्डर क्विक रिस्पांस टीम” की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए बताया कि यह विशेष टीम पुलिस लाइन और एसपी कार्यालय में लगातार अलर्ट स्थिति में रहती है और शहर क्षेत्र में किसी भी घटना पर बेहद कम समय में पहुंचकर स्थिति नियंत्रित कर रही है। बेहतर रिस्पांस टाइम को लेकर रिजर्व इंस्पेक्टर की सराहना भी की गई।बैठक में थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने, गुंडा-बदमाशों की नियमित चेकिंग करने, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों, भ्रामक पोस्ट और आपत्तिजनक कंटेंट पर साइबर मॉनिटरिंग तेज करने को कहा गया।
एसपी अंकिता शर्मा ने अधिकारियों को साफ शब्दों में कहा कि जनता की सुरक्षा और जिले में शांति बनाए रखना पुलिस की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लेकर वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराए।राजनांदगांव पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि जिले में शांति और सौहार्द का माहौल कायम रखा जा सके।

Comments