इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड की मेजबानी में 12 जून से शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड 2026 से पहले टीम इंडिया के पास अपनी तैयारियों के परखने का आखिरी मौका मिला है। भारतीय महिला इस मेगा टूर्नामेंट से पहले इंग्लैंड के खिलाफ 28 मई से तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी, जिसमें कई खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहने वाली हैं। टीम इंडिया का साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल में फॉर्म काफी उतार-चढ़ाव भरा देखने को मिला है, जिसमें उन्होंने कुल 8 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सिर्फ तीन को जीतने में जहां कामयाब हो सके हैं तो वहीं 5 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले कई अहम खिलाड़ियों के फॉर्म पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ ऐसा रहा है रिकॉर्ड
भारतीय महिला टीम का अभी तक टी20 इंटरनेशनल में कोई खास प्रदर्शन देखने को नहीं मिला है। इसमें पिछली बार हुए टी20 वर्ल्ड कप में उनका सफर ग्रुप स्टेज के मुकाबलों के साथ ही खत्म हो गया था। ऐसे में अब आगामी टी20 वर्ल्ड कप से पहले होने वाली इस सीरीज में यदि टीम इंडिया मैदान पर बेहतर प्रदर्शन दिखाती है तो इसका असर मेगा इवेंट में भी देखने को मिल सकता है। हालांकि भारतीय महिला टीम का टी20 इंटरनेशनल में इंग्लैंड के खिलाफ रिकॉर्ड देखा जाए तो वह अधिक अच्छा नहीं है। दोनों टीमों के बीच में अब तक कुल 35 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से टीम इंडिया जहां सिर्फ 11 मैचों को जीतने में कामयाब हो सकी है तो वहीं उन्हें 24 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि टीम इंडिया के लिए अच्छी बात ये है कि उन्होंने पिछले साल भी इंग्लैंड का दौरा किया था जिसमें वह 5 मैचों की टी20 सीरीज को 3-2 से अपने नाम करने में कामयाब रहे थे, ऐसे में अधिकतर प्लेयर्स का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा हुआ होगा।
कब-कहां और कैसे देखें टी20 सीरीज के मैचों की Live Streaming
भारत और इंग्लैंड की महिला टीम के बीच में खेली जाने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मैच जहां 28 मई को चेम्सफोर्ड के काउंटी ग्राउंड पर खेला जाएगा, तो वहीं दूसरा और तीसरा मुकाबला 30 मई और 2 जून को ब्रिस्टल और टांटन के स्टेडियम में खेला जाएगा। इन सभी मैचों की शुरुआत भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से होगी, जिसमें फैंस मुकाबले का सीधा प्रसारण टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स के नेटवर्क पर देख सकते हैं। वहीं इन मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग को लेकर बात की जाए को वह सोनी लिव ऐप पर की जाएगी, जहां पर फैंस लॉगिन कर मैच का लुत्फ उठा सकते हैं।

Comments