एमसीबी : जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने हसदेव नदी के चैनपुर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम परसगढ़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध उत्खनन में लगी 1 जेसीबी मशीन और 5 ट्रैक्टर जब्त किए हैं।
खनिज विभाग की टीम ने शिकायत मिलने पर मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत उत्खनन किया जा रहा था। टीम को देखकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जब्त किए गए सभी वाहनों को सुरक्षा की दृष्टि से कलेक्टर कार्यालय परिसर में खड़ा कराया गया है। संबंधित वाहन संचालकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा और राजस्व संरक्षण के लिए नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध खनन से जुड़ी किसी भी गतिविधि की सूचना प्रशासन को दें, ताकि पर्यावरण संरक्षण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाए जा सकें।

Comments