रायगढ़ : जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पूंजीपथरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम गेरवानी केसर जंगल में शराब रेड कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 22 लीटर महुआ शराब जब्त की है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि गेरवानी केसर जंगल क्षेत्र में अवैध रूप से महुआ शराब रखकर बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी साहिल यादव (20 वर्ष) निवासी गेरवानी डीपापारा थाना पूंजीपथरा के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी 10 लीटर महुआ शराब जब्त की, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1000 रुपए बताई गई। आरोपी उक्त शराब बिक्री के लिए रखना स्वीकार किया।
वहीं दूसरी कार्रवाई में आरोपी सुभाष बघेल (24 वर्ष) निवासी गेरवानी थाना पूंजीपथरा के कब्जे से दो प्लास्टिक डिब्बों में भरी 12 लीटर महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 1200 रुपए आंकी गई है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना पूंजीपथरा में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत पृथक-पृथक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक गजेन्द्र पैंकरा, राजकुमार पैंकरा, आरक्षक ओम प्रकाश तिवारी, हेमसागर पटेल एवं अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा है कि जिले में नशे के खिलाफ “ऑपरेशन आघात” लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि युवाओं और नाबालिगों को नशे की ओर धकेलने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अवैध शराब कारोबारियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

Comments