गरियाबंद :- जिले के पांडुका थाना क्षेत्र में स्थित पैरी नदी के बीच बने कुकदा डैम में एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर से घूमने पहुंचे चार दोस्तों में से एक युवक और एक युवती की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
पांडुका पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रायपुर से चार दोस्त कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। इनमें 22 वर्षीय सिंपी और 23 वर्षीय पीयूष मंडल समेत तीन युवक और एक युवती शामिल थे। बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान गहरे पानी में जाने से सिंपी और पीयूष डूबने लगे। साथियों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज गहराई और पानी के बहाव के चलते दोनों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव पानी से बाहर निकाले गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुकदा डैम पहले भी कई लोगों की जान ले चुका है। सिंचाई विभाग की ओर से डैम के आसपास बड़े-बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, नीचे उतरने और नहाने पर रोक के निर्देश भी लिखे गए हैं। सुरक्षा के लिए तार घेराबंदी भी की गई है, लेकिन लोग खतरे को नजरअंदाज कर सीधे पानी में उतर जाते हैं। डैम की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण अक्सर हादसे हो जाते हैं।
बार-बार हो रहे हादसों के बाद अब लोगों ने प्रशासन से यहां और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने, निगरानी बढ़ाने और खतरनाक हिस्सों में सख्ती से रोक लगाने की मांग की है।

Comments