राजनांदगांव : छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के सोमनी थाना प्रभारी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। थाना प्रभारी ने एक नाबालिग बालिका को गलत मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उसे गर्भवती बता दिया और रातभर थाने में ही बैठाकर रखा।
इस अमानवीय घटना की जब एसपी को जानकारी हुई तो वे खुद थाना पहुंची और नाबालिग के मामले में संज्ञान लेते हुए थाने के टीआई अरूण कुमार नामदेव व ड्यूटी पर तैनात महिला हेड कांस्टेबल राजश्री सिंह को हड़काते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया हैं।
एसपी अंकिता शर्मा ने थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की गलती दोबारा नहीं होनी चाहिए। लापरवाही कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
जानिए पूरा मामला
दरअसल, 14 वर्षीय बालिका के पेट में दर्द उठा था, जिसके बाद परिजनों ने उसे सोमनी सामुदायिक केंद्र में भर्ती कराया था। इस दौरान डाॅक्टरों की लापरवाही के चलते बालिका को रिपोर्ट में गर्भवती बता दिया गया। इसके बाद यह मामला थाने पहुंचा।
आरोप है कि बच्ची को रात 10 बजे सोमनी थाने में बिठाया गया। सुबह पांच बजे पूछताछ के नाम पर उसे प्रताड़ित किया गया।
घटना की शिकायत जैसे ही जिले की एसपी अंकिता शर्मा को हुई तो उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए थाना प्रभारी और महिला हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया है।

Comments