राजनांदगांव : खरीफ सीजन की तैयारी के बीच किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यवस्थाएं तेज कर दी हैं। कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खेती के मौसम में किसी भी किसान को खाद-बीज के लिए भटकना न पड़े और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू बनी रहे।जिले में इस वर्ष धान के साथ-साथ दलहन और तिलहन फसलों के लिए परंपरागत उर्वरकों के अलावा नैनो यूरिया और नैनो डीएपी के उपयोग को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। कृषि विभाग के अनुसार जिले में वर्तमान में 41 हजार 509 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि की तुलना में लगभग 34 प्रतिशत अधिक है। वहीं किसानों के लिए 6 हजार 36 क्विंटल बीज भी उपलब्ध कराया गया है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अधिकारियों ने बताया कि सहकारी समितियों के माध्यम से हजारों किसानों को खाद का वितरण किया जा चुका है और मांग के अनुरूप लगातार भंडारण की प्रक्रिया जारी है। प्रशासन का दावा है कि पूरे खरीफ सीजन में खाद और बीज की उपलब्धता बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है।इधर उर्वरकों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अनियमितताओं पर भी जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला एवं विकासखंड स्तर पर गठित उड़नदस्ता दल लगातार निरीक्षण कर रहा है। कार्रवाई के दौरान 28 विक्रय केंद्रों को नोटिस जारी किए गए हैं, 7 केंद्रों में उर्वरक जब्त कर सीलबंद किया गया है, जबकि 5 निजी विक्रय केंद्रों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।कलेक्टर ने कहा है कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और खाद-बीज वितरण में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Comments