गरियाबंद जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात, 26 नए उपस्वास्थ्य केंद्रों के लिए 7.41 करोड़ रुपए स्वीकृत

गरियाबंद जिले को स्वास्थ्य क्षेत्र में मिली बड़ी सौगात, 26 नए उपस्वास्थ्य केंद्रों के लिए 7.41 करोड़ रुपए स्वीकृत

गरियाबंद :- छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार प्रदेश के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगातार बड़े कदम उठा रही है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले के ग्रामीण इलाकों अर्थात ग्राम पंचायतों में स्थित 26 उपस्वास्थ्य केंद्रों का कायाकल्प किया जाएगा। जिले के छुरा और मैनपुर विकासखंड में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूती देने के लिए ग्राम पंचायतों के 26 नए उपस्वास्थ्य केंद्रों के भवन निर्माण हेतु 7 करोड़ 41 लाख 26 हजार रुपए की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का गरियाबंद जिले की जनता की ओर से धन्यवाद और आभार व्यक्त किया है।

विधायक रोहित साहू ने कहा कि इन नए भवनों के निर्माण से ग्रामीण अंचल के लोगों को उनके घर के पास ही बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी तथा आमजनों को अब स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।इस बजटीय स्वीकृति के तहत गरियाबंद जिले के छुरा और मैनपुर विकासखंडों को समान रूप से बजट आवंटित किया गया है जिसमें छुरा विकासखंड के कुल 13 उपस्वास्थ्य केंद्रों क्रमशः पिपरछेड़ी, गायडबरी, मुड़ागांव, सिवनी, मुढ़ीपानी, सेम्हरा, कुटेना, तौरेंगा, घटकर्रा, अमलोर, द्वारतरा, बोड़राबांधा और कनेसर ग्राम पंचायत के लिए 3 करोड़ 70 लाख 63 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत प्रत्येक उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन निर्माण पर 28.51 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इसी प्रकार आदिवासी बाहुल्य विकासखंड मैनपुर के भी 13 स्वास्थ्य केंद्रों के लिए 3 करोड़ 70 लाख 63 हजार रुपए की मंजूरी मिली है। यहाँ भी प्रत्येक केंद्र को 28.51 लाख रुपए का बजट मिलेगा। मैनपुर ब्लॉक के बिरीघाट, डेंडुपदर, ढोर्रा, गोलामाल, गुरुजीभाटा (अ), कांडेकेला, मैनपुर खुर्द, छिंदौला, भाठीगढ़, पदमपुर, घूमरापदर, खरीपथरा और सुकलीभाठा ग्राम पंचायत में नवीन उपस्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इस प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति के बाद गरियाबंद जिले के वनांचल क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस सौगात के लिए साय सरकार और विधायक रोहित साहू के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की है। अब भवनों का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की भी उम्मीद है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुँचाना हमारा लक्ष्य : रोहित साहू
लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य केंद्रों के सुव्यवस्थित भवनों की मांग की जा रही थी। इस स्वीकृति से वनांचल और दूरदराज के गांवों में रहने वाले गरीब और आदिवासी परिवारों को इलाज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। प्रत्येक केंद्र को मिलने वाले 28.51 लाख रुपए से स्वास्थ्य सुविधाओं का स्तर सुधरेगा और डॉक्टरों व स्टाफ के लिए बेहतर माहौल तैयार होगा। मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय , स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का गरियाबंद जिले की जनता की ओर से आभार व्यक्त करता हूं। हमारी सरकार अंत्योदय के संकल्प के साथ काम कर रही है, जहां समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना प्राथमिकता है। मैं इस संवेदनशीलता के लिए छग प्रदेश की सुशासन वाली सरकार का आभारी हूँ।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments