‘बंदर’ में दमदार रोल के लिए तैयार बॉबी देओल, फीस को लेकर दिया चौंकाने वाला जवाब

‘बंदर’ में दमदार रोल के लिए तैयार बॉबी देओल, फीस को लेकर दिया चौंकाने वाला जवाब

सिनेमा के पर्दे पर जब दो बिल्कुल अलग मिजाज के दिग्गज एक साथ आते हैं, तो धमाका होना लाजिमी है। ऐसा ही कुछ इस बार भी देखने को मिल रहा है। अपनी बेबाक, कड़क और डार्क स्टोरीटेलिंग के लिए मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप और पर्दे पर खलनायकी को एक नया आयाम देने वाले 'लॉर्ड' बॉबी देओल पहली बार एक साथ आ रहे हैं। निखिल द्विवेदी ने सैफ्रॉन मैजिकवर्क्स और जी स्टूडियोज के बैनर तले फिल्म 'बंदर' का निर्माण किया है। हाल ही में रिलीज हुए इसके ट्रेलर ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। फिल्म 5 जून 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है और ट्रेलर के बाद से ही फैंस के बीच इस फिल्म को लेकर उत्सुकता सातवें आसमान पर पहुंच गई है।

पहली बार साथ आए बॉबी देओल और अनुराग कश्यप

बॉबी देओल स्टारर और अनुराग कश्यप के डायरेक्शन में बनी 'बंदर' को इस साल की सबसे मच-अवेटेड और चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है। कश्यप के रॉ और रियलिस्टिक सिनेमा के साथ बॉबी देओल का यह पहला कोलैबोरेशन है, जिसने अभी से ही फिल्म इंडस्ट्री और दर्शकों के बीच एक जबरदस्त उत्सुकता पैदा कर दी है। फिल्म के ट्रेलर में हैरान कर देने वाले ट्विस्ट्स, बेहद इंटेंस कोर्टरूम ड्रामा, रोंगटे खड़े कर देने वाले डायलॉग्स और बॉबी देओल की एक बिल्कुल हटकर परफॉर्मेंस की झलक देखने को मिली है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखने का वादा करती है।

बॉबी देओल का बड़ा खुलासा

फिल्म की रिलीज से ठीक पहले अभिनेता बॉबी देओल ने इस खास प्रोजेक्ट से जुड़ने के पीछे की एक बेहद दिलचस्प वजह का खुलासा किया है। बॉबी ने बताया कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट उन्हें इतनी पसंद आई कि उन्होंने इसके लिए अपनी तय फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं की। अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, 'जब एक एक्टर के तौर पर कोई प्रोजेक्ट मुझे अंदर तक झकझोर देता है तो पैसा मेरे लिए मायने नहीं रखता। मुझे जिस चीज ने सबसे ज्यादा आकर्षित किया, वह था इतना रियल और जमीन से जुड़ा किरदार निभाने का मौका। हमें अक्सर स्क्रीन पर लार्जर-दैन-लाइफ यानी बढ़ा-चढ़ाकर दिखाए जाने वाले रोल करने की आदत होती है, लेकिन स्क्रीन पर पूरी तरह से एक नॉर्मल और साधारण इंसान दिखना असल में कहीं ज्यादा चुनौतीपूर्ण है।'

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

'अनुराग कश्यप का सेट किसी एक्टिंग वर्कशॉप जैसा था'

निर्देशक अनुराग कश्यप के काम करने के अनोखे तरीके की तारीफ करते हुए बॉबी देओल ने कहा कि सेट पर बिताया गया हर पल उनके लिए बेहद खास था। बॉबी के मुताबिक, 'अनुराग को अपने किरदारों में कोई बनावट, नाटक या तड़क-भड़क नहीं चाहिए होती, उन्हें सिर्फ ईमानदारी और असलियत पसंद है। उनके साथ काम करना किसी एक्टिंग वर्कशॉप का हिस्सा होने जैसा था, जहाँ सेट पर मैंने हर एक दिन अभिनय की एक नई परिभाषा सीखी।'

आरोपों के भंवर में फंसे एक पॉप सुपरस्टार की कहानी

'बंदर' के ट्रेलर ने अपनी गहरी और सस्पेंस से भरी कहानी के साथ दर्शकों के बीच भारी एक्साइटमेंट पैदा कर दी है। ट्रेलर में बॉबी देओल एक बिल्कुल अलग और चौंकाने वाले अवतार में 'समीर मेहरा' के रोल में नजर आ रहे हैं। समीर एक समय पर देश का सबसे बड़ा पॉप सुपरस्टार था, लेकिन उसकी जिंदगी तब पूरी तरह बिखर जाती है जब उस पर सेक्सुअल असॉल्ट के गंभीर आरोप लगते हैं। एक हाई-प्रोफाइल कोर्टरूम केस और मीडिया के तीखे, कड़वे सवालों का सामना करते हुए यह थ्रिलर फिल्म सच, झूठ, नजरिए और इंसाफ की पेचीदगियों को बेहद संजीदगी से टटोलती है।

'पाताल लोक' और 'उड़ता पंजाब' के लेखकों ने रची है यह कहानी

इस फिल्म की कहानी को सुदीप शर्मा और अभिषेक बनर्जी की मशहूर जोड़ी ने लिखा है, जो इससे पहले 'पाताल लोक', 'कोहरा' और 'उड़ता पंजाब' जैसी कमाल की और कल्ट कहानियां भारतीय सिनेमा को दे चुके हैं। दमदार स्क्रीनप्ले और शानदार डायलॉग्स से सजी इस बेमिसाल कहानी को अनुराग कश्यप ने अपने खास अंदाज में पर्दे पर उतारा है। 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही यह फिल्म न सिर्फ दर्शकों का मनोरंजन करेगी, बल्कि समाज के एक कड़वे सच से भी रूबरू कराएगी।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments