शादी के अगले दिन पत्नी संग जिला अस्पताल पहुंचे विधायक दीपेश साहू, मरीजों से मिले, फल बांटे और किया पौधारोपण

शादी के अगले दिन पत्नी संग जिला अस्पताल पहुंचे विधायक दीपेश साहू, मरीजों से मिले, फल बांटे और किया पौधारोपण

बेमेतरा : विवाह के अगले ही दिन बेमेतरा विधायक दीपेश साहू अपनी पत्नी के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। यहां उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात कर हालचाल जाना तथा फल वितरित कर शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में शुरू की गई अत्याधुनिक लैब सुविधाओं और विभिन्न आधुनिक जांच सेवाओं का शुभारंभ भी किया।

अस्पताल निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया और मरीजों से सीधे बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसी दौरान एक शिकायत उनके संज्ञान में आई, जिसमें चिकित्सकीय सेवाओं के बदले पैसे लिए जाने का आरोप लगाया गया। मामले को गंभीर मानते हुए विधायक ने संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की बात कही।

विधायक दीपेश साहू ने कहा कि स्वास्थ्य जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। किसान, मजदूर, व्यापारी या आम नागरिक, सभी के लिए बेहतर स्वास्थ्य जरूरी है। उन्होंने कहा कि विवाह के बाद सामाजिक जीवन की शुरुआत सेवा और जनकल्याण के कार्यों से करने की भावना के साथ वे जिला अस्पताल पहुंचे हैं।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

उन्होंने बताया कि अब तक जिले के मरीजों को कई जांचों के लिए निजी लैबों पर निर्भर रहना पड़ता था। जांच रिपोर्ट मिलने में कई दिन लग जाते थे और अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था। नई अत्याधुनिक लैब शुरू होने से अब सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, लिपिड प्रोफाइल, थायराइड, विटामिन बी-12 और विटामिन डी सहित कई महत्वपूर्ण जांचें जिला अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

विधायक ने बताया मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। नई लैब सुविधा से जिले के हजारों मरीजों को सीधा लाभ मिलेगा।

निरीक्षण के दौरान मिली शिकायत पर उन्होंने कहा कि यदि किसी मरीज या उसके परिजन से अवैध रूप से राशि ली गई है तो उसे वापस कराया जाएगा और दोषी व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मान है, लेकिन गरीब और जरूरतमंद मरीजों का शोषण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विधायक दीपेश साहू और उनकी धर्मपत्नी ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अस्पताल परिसर में पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, अस्पताल प्रशासन के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments