मात्र 8 माह में बनकर तैयार हुआ 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र, क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

मात्र 8 माह में बनकर तैयार हुआ 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र, क्षेत्र को मिली बड़ी सौगात

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  ग्राम माटरा में नवनिर्मित 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र का लोकार्पण समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री श्री गजेंद्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बेमेतरा विधायक श्री दीपेश साहू ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर विद्युत उपकेन्द्र के लोकार्पण के साथ किया गया।

इस अवसर पर विधायक दीपेश साहू ने कहा कि यह केवल एक विद्युत उपकेन्द्र का उद्घाटन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, किसानों की समृद्धि और ग्रामीण जनजीवन को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि लगभग आठ माह पूर्व इस परियोजना का भूमिपूजन किया गया था और आज यह रिकॉर्ड समय में पूर्ण होकर जनता को समर्पित की जा रही है।

क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा विद्युत उपकेन्द्र
अपने संबोधन में विधायक दीपेश  साहू ने कहा कि ग्राम माटरा सहित पूरे क्षेत्र के लिए यह एक ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि सामान्यतः इस प्रकार की परियोजनाओं को पूर्ण होने में लंबा समय लगता है, लेकिन विद्युत विभाग के अधिकारियों, अभियंताओं एवं निर्माण एजेंसियों ने निरंतर निगरानी, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए इसे निर्धारित समय में पूरा किया है।

उन्होंने कहा कि गांवों के विकास का आधार मजबूत अधोसंरचना होती है और सड़क, पानी तथा बिजली किसी भी क्षेत्र की प्रगति की रीढ़ हैं। नया 33/11 के.व्ही. विद्युत उपकेन्द्र क्षेत्र में बढ़ते विद्युत भार को कम करेगा, वोल्टेज की समस्या का समाधान करेगा तथा किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराएगा। इससे घरेलू उपभोक्ताओं, छोटे व्यापारियों तथा ग्रामीण उद्योगों को भी प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को मिल रही गति
विधायक श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को धरातल पर उतारने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर जनता तक उसका लाभ पहुंचाती है। ग्राम माटरा का यह विद्युत उपकेन्द्र उसी सोच और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र में अधोसंरचना विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे, जिससे गांवों तक विकास की रोशनी और अधिक मजबूती के साथ पहुंचेगी।

"एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत किया वृक्षारोपण
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से प्रेरित होकर विद्युत उपकेन्द्र परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान विधायक श्री दीपेश साहू ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि पेड़-पौधे जीवन का आधार हैं और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित वातावरण प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ उसके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उल्लेखनीय उपस्थिति
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष  जितेंद्र साहू, जिला पंचायत दुर्ग की अध्यक्ष  सरस्वती बंजारे, भाजपा मंडल बेरला के अध्यक्ष  डोमेंद्र सिंह राजपूत, जनपद पंचायत सदस्य राजेश साहू, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष डॉ. एन.के. तिवारी, विधायक प्रतिनिधि  किसुन लाल साहू,  उकेंद्र साहू, ग्राम पंचायत माटरा के सरपंच श्री देवशरण साहू, सेवा सहकारी समिति माटरा के अध्यक्ष  खुमान साहू,  थानेश्वर साहू,  संजू सिंह राजपूत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, विद्युत विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

विद्युत उपकेन्द्र के लोकार्पण पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों, विद्युत विभाग तथा प्रशासन के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस उपकेन्द्र के शुरू होने से क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसानों एवं आम उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments