किरंदुल को करोड़ो की सौगात, ऑक्सीजन पार्क समेत कई विकास कार्यों का शुभारंभ

किरंदुल को करोड़ो की सौगात, ऑक्सीजन पार्क समेत कई विकास कार्यों का शुभारंभ

किरन्दुल : लौह नगरी किरन्दुल के लिए रविवार विकास और सौगातों का दिन बनकर आया। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने नगर प्रवास के दौरान 7 करोड़ 18 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। उनके दौरे से नगर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

निर्धारित कार्यक्रम के तहत उपमुख्यमंत्री ने नगर पालिका परिषद द्वारा घड़ी चौक में विकसित आकर्षक ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए खरीदे गए नए वाटर टैंकर, जेसीबी मशीन तथा अन्य वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन संसाधनों से नगर में सफाई और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

इस दौरान 4 करोड़ 14 लाख 85 हजार रुपये की लागत से निर्मित बस स्टैंड पार्किंग, पाइपलाइन विस्तारीकरण तथा चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। वहीं नगर के समग्र विकास से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्यों का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।मुख्य नगर पालिका अधिकारी शशि भूषण महापात्र पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेंद्र सिंह ने कहा कि यह किरन्दुल के लिए गौरवपूर्ण अवसर है। इन विकास परियोजनाओं के शुरू होने से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नगर के विकास को नई गति मिलेगी।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव किरन्दुल तहसील साहू समाज द्वारा आयोजित संत शिरोमणि भक्त माता कर्मा जयंती समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कर्माधाम परिसर में नवनिर्मित साहू समाज भवन का लोकार्पण कर उसका नामकरण संस्कार भी संपन्न कराया। समारोह में समाज के पदाधिकारियों ने माता कर्मा के सामाजिक समरसता, सेवा और सद्भाव के संदेश को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भव्य प्रीतिभोज में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा समाज के लोग शामिल हुए।

उपमुख्यमंत्री के दौरे और करोड़ों रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन से नगरवासियों में खासा उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों का मानना है कि इन परियोजनाओं से पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात सुविधाओं और नगर की सुंदरता में उल्लेखनीय सुधार होगा तथा लौह नगरी किरन्दुल विकास के नए शिखर की ओर अग्रसर होगी।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments