बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : भारत सरकार के "फिट इंडिया मूवमेंट" के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा "संडे ऑन साइकिल" अभियान का विशेष आयोजन किया गया। इसी अवसर पर ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन समारोह भी उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खिलाड़ियों, स्कूली विद्यार्थियों तथा नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के तहत आयोजित साइकिल रैली में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू, साजा विधायक ईश्वर साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) रामकृष्ण साहू, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पदमाकर, नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जनपद पंचायत बेमेतरा की अध्यक्ष सुश्री हेमा दिवाकर, सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, खिलाड़ी, विद्यार्थी एवं नागरिक शामिल हुए। रैली के दौरान सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
साइकिलिंग को जीवन का हिस्सा बनाएं – विधायक दीपेश साहू
बेमेतरा विधायक दीपेश साहू ने कहा कि साइकिल चलाना स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का एक सरल और प्रभावी माध्यम है। इससे शरीर में स्फूर्ति आती है, हृदय स्वस्थ रहता है तथा व्यक्ति शारीरिक रूप से सक्रिय बना रहता है। उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साइक्लिंग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं और स्वस्थ समाज के निर्माण में योगदान दें। विश्व साइकिल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया "फिट इंडिया मूवमेंट" देशवासियों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाना केवल व्यायाम नहीं बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत का सशक्त माध्यम है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
स्वस्थ समाज के निर्माण में साइकिल की महत्वपूर्ण भूमिका – विधायक ईश्वर साहू
साजा विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि साइकिल चलाना शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत लाभकारी है। इससे न केवल स्वास्थ्य बेहतर होता है बल्कि अनुशासन और सक्रिय जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने लोगों से स्वस्थ समाज की संरचना के लिए अधिकाधिक साइकिल उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक छोटी-छोटी दूरियों के लिए साइकिल का उपयोग करने का संकल्प ले, तो इससे प्रदूषण कम होगा, ईंधन की बचत होगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल युवाओं, खिलाड़ियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सराहना करते हुए इसे जन-जागरूकता का उत्कृष्ट प्रयास बताया।
जुम्बा डांस ने बढ़ाया उत्साह, जिले में पहली बार हुआ आयोजन
विश्व साइकिल दिवस एवं ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर भारत माता चौक में पहली बार जुम्बा डांस का आयोजन किया गया। फिटनेस और मनोरंजन के अनूठे संगम के रूप में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों एवं स्कूली बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। ऊर्जावान संगीत की धुनों पर सभी प्रतिभागियों ने जमकर जुम्बा किया। कार्यक्रम का यह आकर्षक आयोजन लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा तथा फिटनेस को आनंद के साथ जोड़ने का सफल प्रयास साबित हुआ।
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर से खिलाड़ियों को मिला नया मंच
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, संघर्ष, समर्पण और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। शिविर के माध्यम से बच्चों एवं युवाओं को विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है, जो उनके सर्वांगीण विकास में सहायक होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शिविर में प्रशिक्षित खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।
साइकिलिंग के स्वास्थ्य एवं सामाजिक लाभ
कार्यक्रम के दौरान साइकिलिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि नियमित साइकिल चलाने से हृदय की कार्यक्षमता में सुधार होता है, वजन नियंत्रित रहता है तथा शरीर की सहनशक्ति बढ़ती है। इसके अलावा तनाव कम होता है और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है।साइकिलिंग एक पर्यावरण अनुकूल परिवहन साधन भी है, जिससे वायु प्रदूषण और कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है। साथ ही ईंधन की बचत और परिवहन व्यय में कमी भी होती है। इसलिए साइकिलिंग को स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की आवश्यकता है।
जनभागीदारी ने बनाया आयोजन को यादगार
"संडे ऑन साइकिल" अभियान का उद्देश्य नागरिकों को दैनिक जीवन में शारीरिक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा "स्वस्थ तन, स्वस्थ भारत" के संदेश का व्यापक प्रसार करना था। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी एवं सफल बनाया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक श्री अवधेश सिंह चंदेल, रायपुर जिला प्रभारी श्री राजेन्द्र शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विजय सिन्हा, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुश्री हेमा दिवाकर, शहर मंडल अध्यक्ष श्री युगल देवांगन, पार्षद श्री विकास तंबोली, श्री लक्की साहू, पार्षद प्रतिनिधि श्री रोशन दत्त, महामंत्री श्री संदीप यादव, श्री राजू देवांगन, श्री अमृका निर्मलकर, श्री दीनानाथ साहू सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी एवं नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम ने जिलेवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया।

Comments