किरंदुल को विकास की बड़ी सौगात, डिप्टी सीएम अरुण साव ने 7.19 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

किरंदुल को विकास की बड़ी सौगात, डिप्टी सीएम अरुण साव ने 7.19 करोड़ के कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

दंतेवाड़ा, 8 जून 2026 : छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने रविवार को अपने किरंदुल प्रवास के दौरान नगर पालिका परिषद किरंदुल में लगभग 7 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।उप मुख्यमंत्री साव ने लगभग 4 करोड़ 14 लाख 85 हजार रुपये की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से विकसित ऑक्सीजोन पार्क तथा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत खरीदी गई बैकहो लोडर मशीन, सक्शन मशीन सह मेला टैंकर, ट्रैक्टर इंजन एवं पानी टैंकर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों से नगर की स्वच्छता व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क की सराहना करते हुए कहा कि यह केवल एक पार्क नहीं बल्कि नागरिकों के स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और मनोरंजन का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

इसके साथ ही उन्होंने लगभग 3 करोड़ 04 लाख 09 हजार रुपये की लागत से किए जाने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इनमें राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि (एसडीएमएफ) के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 6 एवं 8 में नाला निर्माण कार्य, राज्य प्रवर्तित योजना के तहत मुक्तिधाम निर्माण तथा अधोसंरचना मद से विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से नगर की आधारभूत सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा तथा नागरिकों को बेहतर आवागमन और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि पिछले दो वर्षों में शासन-प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से किरंदुल नगरीय निकाय में 16 करोड़ 43 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्य स्वीकृत एवं संचालित किए गए हैं। राज्य सरकार नगरों के सुनियोजित विकास के लिए सिटी डेवलपमेंट प्लान के अनुरूप कार्य कर रही है। स्वच्छता, पेयजल, सड़क, अधोसंरचना और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में लगातार निवेश किया जा रहा है, जिससे शहरों को अधिक स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त बनाया जा सके।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प तेजी से साकार हो रहा है। इसी उद्देश्य से वे लगातार बस्तर संभाग के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेल एवं युवा कल्याण सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में सड़क, पेयजल एवं शहरी अधोसंरचना के विकास को शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

महिलाओं के सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने महतारी वंदन योजना की 28वीं किस्त का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों माताओं एवं बहनों को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। इससे महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ा है तथा वे परिवार और समाज में अधिक सशक्त भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर नल-जल योजना, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

उप मुख्यमंत्री ने किरंदुल की प्राकृतिक सुंदरता की विशेष सराहना करते हुए कहा कि बैलाडीला पर्वतमालाओं की गोद में बसा किरंदुल प्राकृतिक दृष्टि से प्रदेश के सबसे सुंदर नगरों में से एक है। चारों ओर हरियाली, पर्वतीय सौंदर्य और स्वच्छ वातावरण इस नगर को विशिष्ट पहचान प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखते हुए किरंदुल को एक आदर्श एवं आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार कार्य कर रही है।उन्होंने विधायक के मार्गदर्शन एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी सिंह के नेतृत्व में नगर में संचालित विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि किरंदुल निरंतर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है तथा शासन नगर के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। अपने उद्बोधन के अंतिम चरण में उप मुख्यमंत्री श्री साव ने नगर के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने वार्ड क्रमांक 10 में बस पार्किंग एवं स्टेज-स्टैंड के पास सीसी रोड तथा विद्युत व्यवस्था के विकास कार्य के लिए 1 करोड़ 58 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की। इसके अलावा वार्ड क्रमांक 18 में सोलर पंप के पास सुरेश के घर तक सीसी रोड निर्माण कार्य हेतु 27 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।उन्होंने नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत विभिन्न विकास कार्यों की मांगों पर सहमति जताते हुए कहा कि कुल 3 करोड़ 72 लाख रुपये के प्रस्तावित विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इस दौरान उन्होंने ऑक्सीजोन पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें भी नई ऊर्जा और सकारात्मकता का अनुभव हुआ है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि जब ऑक्सीजोन में आकर इतनी ऊर्जा मिली है तो उसका असर भी दिखना चाहिए। इसी उत्साह के साथ उन्होंने 3 करोड़ 72 लाख रुपये के अतिरिक्त 2 करोड़ रुपये और नगर के विकास कार्यों के लिए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर हित में जिस कार्य की आवश्यकता होगी, उसके लिए राज्य शासन पूरा सहयोग प्रदान करेगा।

उप मुख्यमंत्री ने मलंगीर जलप्रपात से किरंदुल एवं बचेली क्षेत्र तक पेयजल आपूर्ति योजना की संभावनाओं पर भी सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किरंदुल और बचेली के नागरिकों को दीर्घकालिक एवं शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए मलंगीर जलप्रपात आधारित पेयजल योजना पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। इसके लिए विधायक तथा संबंधित विभागों के साथ मिलकर तकनीकी एवं व्यवहारिक पहलुओं का परीक्षण किया जाएगा, ताकि भविष्य में क्षेत्र के लिए एक स्थायी एवं प्रभावी पेयजल व्यवस्था विकसित की जा सके। 

इस दौरान विधायक चैतराम अटामी, ने भी अपने उदबोधन में उप मुख्यमंत्री द्वारा किरन्दुल नगरीय निकाय के अंतर्गत विकास कार्यो की सौगात दिए जाने के प्रति आभार व्यक्त करते हुए राज्य षासन द्वारा क्षेत्रीय विकास के संदर्भ में प्रतिबद्धता की बात कही। इस अवसर पर  जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष श्री अरविन्द कुंजाम, नगरपालिका अध्यक्ष दंतेवाड़ा श्रीमती पायल गुप्ता, नगरपालिका अध्यक्ष किरंदुल श्रीमती रूबी सिंह , नगरपालिका अध्यक्ष बचेली श्री राजू जायसवाल,वरिष्ठ जनप्रतिनिधि श्री संतोष गुप्ता एवं अन्य जनप्रतिनिधिगण सहित जिला पंचायत सीईओ श्री जयंत नाहटा,अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास, खेलकूद एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। 







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments