सुशासन तिहार में मंत्री रामविचार नेताम का किसानों को संदेश-कोदो-कुटकी, दलहन-तिलहन अपनाएं, बढ़ाएं आय

सुशासन तिहार में मंत्री रामविचार नेताम का किसानों को संदेश-कोदो-कुटकी, दलहन-तिलहन अपनाएं, बढ़ाएं आय

कोरिया :  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर आयोजित राज्यव्यापी सुशासन तिहार के अंतर्गत बैकुंठपुर विकासखंड के ग्राम तरगंवा में जिले का अंतिम जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 20 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों, महिलाओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।

मंत्री श्री नेताम ने किसानों से धान के साथ-साथ कोदो, कुटकी, रागी, दलहन और तिलहन फसलों का उत्पादन बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि धान की खेती में अधिक पानी की आवश्यकता होती है, जबकि मोटे अनाज, दलहन और तिलहन कम पानी में बेहतर उत्पादन देते हैं। फसल चक्र अपनाने से किसानों की आय में वृद्धि होगी और भूमि की उर्वरा शक्ति भी बनी रहेगी। उन्होंने रासायनिक खाद के बढ़ते दुष्प्रभावों का उल्लेख करते हुए किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया। मंत्री ने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से जमीन की उत्पादकता प्रभावित हो रही है।

मंत्री श्री नेताम ने बताया कि विष्णु देव साय सरकार ने गठन के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को स्वीकृति दी है, जिसका लाभ कोरिया जिले के पात्र हितग्राहियों को भी मिल रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सर्वे में शामिल प्रत्येक पात्र परिवार को आवास का लाभ मिलेगा।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख किया और कहा कि पात्र विवाहित महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि भेजी जा रही है। उन्होंने महिलाओं से समय पर ई-केवाईसी कराने तथा अन्य महिलाओं को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

किसानों के हित में राज्य सरकार के निर्णयों का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार ने प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की है, जिससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हुआ है।

शिविर में बैकुंठपुर विधायक श्री भईया लाल राजवाड़े ने कहा कि मांग और शिकायत संबंधी सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

कोरिया कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने जानकारी दी कि सुशासन तिहार के अंतर्गत जिले में आयोजित शिविरों में अब तक 5,332 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2,866 आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है, जबकि शेष 2,466 आवेदनों पर कार्रवाई जारी है। कलेक्टर ने किसानों को खाद-बीज वितरण, वृद्धावस्था पेंशन भुगतान, राशन भंडारण तथा आधार अपडेट और ई-केवाईसी की सुविधाओं की जानकारी भी दी।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का मंत्री एवं जनप्रतिनिधियों ने निरीक्षण किया। इस अवसर पर पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, फूड बास्केट, आइस बॉक्स, दिव्यांगजनों को व्हीलचेयर एवं सहायक उपकरण तथा लखपति दीदियों को प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को 'खुशियों की चाबी' और अभिनंदन पत्र प्रदान किए गए। साथ ही गोदभराई तथा अन्नप्राशन कार्यक्रम में भी शामिल हुए।

शिविर स्थल में ही मंत्री रामविचार नेताम ने ग्रामीणों को नशामुक्त भारत बनाने की शपथ दिलाते हुए कहा कि शराब और अन्य नशों से दूर रहकर लोग अस्पताल और पुलिस के चक्करों से बच सकते हैं। साथ ही जिले को टीबी मुक्त बनाने का भी सामूहिक संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष वंदना राजवाड़े, जिला वनमण्डलाधिकारी प्रभाकर खलको, मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक  सुरेशा चौबे, एडीएम सुरेंद्र वैद्य सहित गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments