गंडई :जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई की सीजी पुलिस टीम ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरणों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 मवेशी, दो पिकअप वाहन सहित कुल 7 लाख 40 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना गंडई क्षेत्र के ग्राम बिरखा स्थित घटियारी मंदिर के पास मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में कमजोर मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर बिना चारा-पानी के महाराष्ट्र स्थित कत्लखाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर तत्काल नाकाबंदी कर वाहन क्रमांक सीजी 09 जेसी 2599 को रोककर जांच की गई। वाहन में 5 बैल एवं 1 पांडा सहित कुल 6 मवेशी पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 80 हजार रुपये है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप वाहन कीमत 3 लाख रुपये सहित कुल 3 लाख 80 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। इस मामले में दयाराम पटेल (34), तोरन बाहेश्वर (40) एवं अश्वन पंचेश्वर (40) को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 183/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिक्षण अधिनियम 2004, पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। इसी प्रकार अपराध क्रमांक 184/2026 में महेन्द्र पटेल (27), कमलेश पटेल (23), पाण्डव पटेल (28) एवं रोहित पंचतिलक (36) को अवैध रूप से मवेशियों का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से 2 बैल एवं 2 पांडा सहित कुल 4 मवेशी कीमत 60 हजार रुपये तथा एक पिकअप वाहन कीमत 3 लाख रुपये जब्त किया गया। इस प्रकरण में कुल 3 लाख 60 हजार रुपये की संपत्ति बरामद हुई।
दोनों मामलों में कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। गंडई पुलिस ने कहा है कि पशु तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments