खैरागढ़ : जिला केसीजी पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना साल्हेवारा क्षेत्र की 25 वर्षीय महिला ने 10 जून को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 8 जून को वह मनरेगा कार्य में फोटो खिंचवाने के लिए चूल्हा खोदरा जंगल तालाब की ओर पैदल जा रही थी। इसी दौरान ग्राम देवपुराघाट निवासी सिरताज खान अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से वहां पहुंचा और महिला को गंतव्य तक छोड़ने के बहाने अपने साथ बैठा लिया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
आरोप है कि दोपहर करीब 3:15 बजे बांधाटोला स्थित प्रतीप तिलगाम के खेत के पास दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल रोककर अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिला के साथ बेइज्जत करने की नीयत से हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की। महिला के शोर मचाने पर दोनों आरोपी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। प्रार्थिया की शिकायत पर थाना साल्हेवारा में अपराध क्रमांक 20/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 75(2), 3(5) तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धारा 3(1)(11) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ग्राम देवपुराघाट निवासी सिरताज खान (29 वर्ष) पिता मुनीम खान तथा रितेश मारकंडे (18 वर्ष 9 माह) पिता संतोष मारकंडे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना अपराध स्वीकार किया। प्रार्थिया के समक्ष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में पहचान परेड की कार्रवाई भी कराई गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर शनिवार 13 जून को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Comments