राहुल गांधी के जन्मदिन पर दुर्ग जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, कांग्रेस नेताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प

राहुल गांधी के जन्मदिन पर दुर्ग जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर, कांग्रेस नेताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प

दुर्ग, 19 जून 2026 : कांग्रेस नेता एवं प्रदेश कांग्रेस सचिव अय्यूब खान के नेतृत्व में शुक्रवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर जिला अस्पताल दुर्ग में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर सुबह 10:30 बजे से शाम 4 बजे तक जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

इस अवसर पर अय्यूब खान ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा जनहित और समाज सेवा के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं। उनके जन्मदिन पर रक्तदान करना सबसे बड़ा उपहार है, क्योंकि रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों की जान बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच और मंशा के अनुरूप सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में गरीब और दूरदराज़ क्षेत्रों से आने वाले मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। दुर्घटना पीड़ितों, महिलाओं तथा गंभीर मरीजों के उपचार के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है। ऐसे में अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त का पर्याप्त भंडार बनाए रखना समय की आवश्यकता है।

अय्यूब खान ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों से आग्रह किया कि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां मरीजों और आम जनता के हित में सहयोग की आवश्यकता होगी, वहां कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी से सहयोग करेंगे, वहीं यदि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसका मजबूती से विरोध भी किया जाएगा। राहुल गांधी के जन्मदिन पर इसी संकल्प को दोहराया गया।

रक्तदान शिविर में अस्पताल प्रबंधन द्वारा सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता जसवंत गायकवाड, मो. रफीक, राकेश दुबे, पुरुषोत्तम सोनवानी, विजेंद्र बंजारे, खिलेश देशलहरे, जीतेश गायकवाड, उमेश वर्मा, चिलेश्वर निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शिविर को सफल बनाने में ब्लड बैंक काउंसलर टी.एस. एंथॉनी, नर्स निशु, नर्स कुसुम चंद्राकर, नर्स मीनाक्षी, लैब टेक्नीशियन तीरथ यादव, सूरज कुर्रे एवं रोशन सिंह सहित अस्पताल स्टाफ ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकीय टीम एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments