कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन में सोलर दीदियों को मिली जिम्मेदारी

कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशन में सोलर दीदियों को मिली जिम्मेदारी

कोरिया : कलेक्टर रोक्तिमा यादव के मार्गदर्शन में जिला पंचायत कोरिया के मंथन कक्ष में पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु बिहान अंतर्गत एक दिवसीय कार्यशाला एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यशाला में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) से जुड़ी महिलाओं को 'सोलर दीदी' की जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें योजना के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

कलेक्टर रोक्तिमा यादव के निर्देशानुसार जिले में बिहान से जुड़ी महिलाएं अब सोलर दीदी के रूप में कार्य करते हुए पीएम सूर्यघर योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। इस कार्य के माध्यम से उन्हें स्वरोजगार का नया अवसर मिलेगा तथा प्रत्येक सफल इंस्टॉलेशन पर लगभग 10 हजार रुपये तक की आय अर्जित करने का अवसर प्राप्त होगा।

कार्यशाला में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें सतत आजीविका के नए अवसर प्रदान करेगी। उन्होंने महिलाओं को पूरी लगन एवं सक्रियता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की संपूर्ण प्रक्रिया, आवेदन प्रणाली तथा पात्र हितग्राहियों के चयन संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। सोलर दीदियों को बताया गया कि वे अपने क्षेत्र में ऐसे परिवारों की पहचान करें जिनका मासिक बिजली बिल 2,000 रुपये से अधिक है अथवा जिनकी मासिक बिजली खपत 400 यूनिट तक है। ऐसे परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

कार्यशाला में बताया गया कि स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा लखपति दीदी अभियान को गति देने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। योजना के सफल क्रियान्वयन से महिलाएं देश में स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ-साथ अपनी आय में भी उल्लेखनीय वृद्धि कर सकेंगी।

सोलर दीदियों को बिजली विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई उन परिवारों की सूची भी प्रदान की गई, जिनका औसत मासिक बिजली बिल अधिक है। इन परिवारों तक पहुंचकर योजना की जानकारी देना, आवेदन प्रक्रिया में सहयोग करना तथा सौर ऊर्जा के लाभों से अवगत कराना सोलर दीदियों की प्रमुख जिम्मेदारी होगी। इससे योजना का लाभ गांव-गांव तक प्रभावी रूप से पहुंच सकेगा।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि सोलर दीदियों के माध्यम से संबंधित संकुल संगठन द्वारा सोलर पैनल स्थापना का कार्य किया जाएगा। प्रत्येक सफल स्थापना पर सोलर दीदी को लगभग 10 प्रतिशत तक प्रोत्साहन राशि प्राप्त होगी, जो करीब 10 हजार रुपये तक हो सकती है। सभी सोलर दीदियों को आगामी सप्ताह तक कम से कम एक-एक प्रकरण प्रस्तावित करने का लक्ष्य दिया गया है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि इस अभिनव पहल से शासन की दो महत्वपूर्ण योजनाए 'लखपति दीदी योजना' एवं 'पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना' को एक साथ गति मिलेगी। इससे जहां एक ओर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण महिलाओं को रोजगार एवं आय के नए अवसर प्राप्त होंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकेंगी। कार्यशाला में जिले के दोनों विकासखंडों से 60 सोलर दीदियों ने भाग लिया।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments