बेमेतरा टेकेश्वर दुबे। 21 जून 2026 : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आज प्रातःकाल जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद स्टेडियम (कंतेली), बेमेतरा में जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ राष्ट्र के लिए योग” की भावना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद, छत्तीसगढ़ लक्ष्मी वर्मा थीं। कार्यक्रम में विधायक बेमेतरा दीपेश साहू, विधायक साजा ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा तथा जिला पंचायत सदस्य अजय साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई एवं पुलिस अधीक्षक श्री रामकृष्ण साहू द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थित सभी लोगों ने प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। पूरे परिसर में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण तीन पीढ़ियों द्वारा एक साथ योगाभ्यास तथा संपूर्ण परिवार के साथ योग करने वाले प्रतिभागी रहे। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाले ऐसे परिवारों को मंच पर सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया। वहीं स्कूली छात्राओं द्वारा प्रस्तुत योग प्रदर्शन एवं आकर्षक योग मुद्राओं ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। छात्राओं की प्रस्तुति को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से सराहा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्वभर में योग को अपनाया जा रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक और संतुलित जीवन जीने की कला है। उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का योग दिवस संदेश भी पढ़कर सुनाया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
विधायक दीपेश साहू ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक एवं अनुशासित पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से मानसिक तनाव दूर होता है, एकाग्रता बढ़ती है तथा व्यक्ति सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।
विधायक ईश्वर साहू ने कहा कि योग स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार है। वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में योग मानसिक शांति, आत्मविश्वास और नई ऊर्जा प्रदान करता है। नियमित योगाभ्यास से तन और मन दोनों स्वस्थ रहते हैं तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का विस्तार होता है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक अवधेश चंदेल, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, आयुष विभाग के अधिकारी, शिक्षक, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संगठन, योग संस्थान एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
योग दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों ने किया पौधारोपण
“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम के पश्चात स्वामी विवेकानंद स्टेडियम (कंतेली), बेमेतरा परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक बेमेतरा दीपेश साहू, विधायक साजा ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी, नगर पालिका परिषद बेमेतरा के अध्यक्ष विजय सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य अजय साहू, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई एवं पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने भी पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि योग जहां व्यक्ति को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है, वहीं वृक्षारोपण प्रकृति और पर्यावरण को स्वस्थ रखने का माध्यम है। बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह अधिक से अधिक पौधे लगाए तथा उनकी देखभाल भी सुनिश्चित करे।
मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का कार्य नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ व सुरक्षित भविष्य की नींव भी रखते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिकाधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। योग और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ आयोजित यह पौधारोपण कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

Comments