कोरिया तिहरे हत्याकांड के सभी 9 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बाजार में निकाला पैदल जुलूस

कोरिया तिहरे हत्याकांड के सभी 9 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बाजार में निकाला पैदल जुलूस

मनेंद्रगढ़ : कोरिया जिले के चर्चित कोरिया कटगोड़ी तिहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही अब सभी 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस बीच शनिवार रात कोरिया पुलिस ने कड़ी कार्रवाई का संदेश देते हुए सभी आरोपियों का पटना थाना क्षेत्र में पैदल जुलूस निकाला।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 8 बजे पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी 9 आरोपियों को पटना थाना एवं कोतवाली परिसर से मुख्य बाजार होते हुए आदर्श चौक मुख्य मार्ग तक पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम को देखते रहे। पुलिस बल की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आरोपियों को बाजार क्षेत्र से गुजारा गया।

गौरतलब है कि कोरिया जिले के सोनहत क्षेत्र अंतर्गत कटगोड़ी गांव में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया था। घटना में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह, उनके साथी वीरेंद्र सिंह उर्फ वीरू और नागेंद्र सिंह की मौत हो गई थी। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी को घेरकर उसमें पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी, जिससे तीनों की जान चली गई।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों पक्षों के बीच रेत उत्खनन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने कथित तौर पर सुलह के बहाने बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने लगातार कार्रवाई करते हुए एक-एक कर आरोपियों को गिरफ्तार किया।

मामले में मुख्य आरोपी मनोज त्रिपाठी समेत अमन त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और निशांत त्रिपाठी ने पूर्व में मनेंद्रगढ़ कोतवाली में आत्मसमर्पण किया था। इसके अलावा अक्षय त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी, सत्यप्रकाश त्रिपाठी, मन्नू त्रिपाठी सहित अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब सभी 9 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं।

कोरिया पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। वहीं तिहरे हत्याकांड के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर संतोष जताया है।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments