बिलासपुर :बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में मोबाइल चोरी मामले में पीड़ित ने गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस में शिकायत के बावजूद आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने का आरोप लगा है. इस मामले में चोरी हुए दोनों मोबाइल आरोपी के घर से बरामद हुए हैं.
जानकारी के अनुसार, पीड़ित अजय कुमार सूर्यवंशी 13 जून को अपने रिश्तेदार के घर सीपत क्षेत्र गए थे. रात में उन्होंने अपने कमरे में टीवी टेबल पर वीवो और सैमसंग कंपनी के दो मोबाइल फोन रखे थे. अगले दिन सुबह दोनों मोबाइल फोन गायब मिले. काफी खोजबीन के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर उन्होंने 14 जून को सीपत थाने पहुंचे. आरोप है कि वह थाना में चोरी का आवेदन देने पहुंचे थे, लेकिन दबाव के बाद गुम होने की रिपोर्ट दी गई.
CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने के बाद मोबाइल की लोकेशन ट्रेस हुई और उसमें नए सिम कार्ड सक्रिय होने की जानकारी सामने आई. अजय सूर्यवंशी का कहना है कि उन्होंने यह जानकारी सीपत पुलिस को उपलब्ध कराई, लेकिन इसके बावजूद कार्रवाई में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई. इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी शिकायत दर्ज कर पुलिस की निष्क्रियता की शिकायत की.
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
बताया जा रहा है कि 18 जून को पुलिस संबंधित व्यक्ति के घर पहुंची थी. वहीं 20 जून को दोनों मोबाइल फोन थाने में जमा करा दिए गए. पुलिस ने बाद में व्हाट्सएप संदेश के माध्यम से पीड़ित को मोबाइल बरामद होने की जानकारी दी. हालांकि, एक मोबाइल क्षतिग्रस्त अवस्था में मिलने की बात भी कही गई.
पीड़िता ने आरोप लगाया कि चोरी हुए मोबाइल मिलने और आरोपी की जानकारी पता चलने के बावजूद चोरी का मामला दर्ज नहीं किया गया. न ही आरोपी की गिरफ्तारी की गई. इसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. पीड़ित ने दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.

Comments