बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : जिले में पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से बेमेतरा जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर द्वारा अंग्रेजी साहित्य विषय में विद्या वाचस्पति (पीएच.डी.) की उपाधि प्रदान की गई है। यह उपाधि उन्हें उनके शोध प्रबंध “रोमांटिकवाद और छायावाद के परिप्रेक्ष्य में विलियम वर्ड्सवर्थ एवं सुमित्रानंदन पंत का तुलनात्मक अध्ययन” पर प्रदान की गई। एएसपी हरीश यादव का यह शोध कार्य अंग्रेजी साहित्य के महान रोमांटिक कवि विलियम वर्ड्सवर्थ तथा हिंदी साहित्य के प्रख्यात छायावादी कवि सुमित्रानंदन पंत के काव्य-साहित्य का गहन एवं तुलनात्मक विश्लेषण प्रस्तुत करता है। शोध में दोनों साहित्यिक धाराओं—रोमांटिकवाद और छायावाद—की मूल अवधारणाओं, प्रकृति-चित्रण, मानवीय संवेदनाओं, आध्यात्मिक दृष्टिकोण तथा काव्यगत विशेषताओं का व्यापक अध्ययन किया गया है।
यह शोध हिंदी और अंग्रेजी साहित्य के मध्य वैचारिक एवं साहित्यिक साम्य को समझने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है। साहित्य के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, अध्येताओं तथा शिक्षकों के लिए यह शोध उपयोगी संदर्भ सामग्री सिद्ध होगा। साथ ही यह भारतीय और पाश्चात्य साहित्य की दो महत्वपूर्ण काव्यधाराओं के तुलनात्मक अध्ययन को नई दृष्टि प्रदान करेगा। बताया जाता है कि इस शोध कार्य को पूर्ण करने में लगभग दस वर्षों का समय लगा। इस दौरान एएसपी श्री हरीश यादव ने अपने प्रशासनिक एवं पुलिस दायित्वों का निर्वहन करते हुए निरंतर अध्ययन, अनुसंधान और लेखन का कार्य जारी रखा। विभिन्न शोध निदेशकों के मार्गदर्शन में उन्होंने दोनों साहित्यिक परंपराओं का गहन अध्ययन किया और लंबे परिश्रम के बाद अपने शोध को अंतिम रूप दिया।
अपनी इस उपलब्धि पर एएसपी हरीश यादव ने अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ललित पटेरिया, पूर्व कुलपति डॉ. ए.डी.एन. बाजपेयी, कुलसचिव तारनिष गौतम, कुलसचिव तरुण धर दिवान, शोध निर्देशक डॉ. ए.के. सिंह, पूर्व शोध निर्देशक डॉ. यू.एन. कुर्रे, डॉ. सुनीता तिवारी तथा डॉ. बिंदा शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने परिवारजनों, इष्टजनों, सहयोगियों एवं मित्रों के सहयोग और प्रोत्साहन को भी इस सफलता का आधार बताया। एएसपी हरीश यादव ने कहा कि यह उपलब्धि उनके गुरुजनों, परिवारजनों और शुभचिंतकों के सतत मार्गदर्शन एवं सहयोग का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनका शोध कार्य हिंदी और अंग्रेजी साहित्य के तुलनात्मक अध्ययन के क्षेत्र में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगा तथा भविष्य के शोधार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं उपयोगी सिद्ध होगा।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरीश यादव को अंग्रेजी साहित्य विषय में विद्या वाचस्पति (पीएच.डी.) की उपाधि प्राप्त होने की जानकारी मिलने पर पुलिस विभाग में हर्ष का वातावरण रहा। इस उपलब्धि पर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रामकृष्ण साहू (IPS) सहित जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर डीएसपी कौशिल्या साहू, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सोनल ग्वाला, साइबर सेल प्रभारी मयंक मिश्रा, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभी स्टाफ तथा जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों ने एएसपी श्री हरीश यादव को मिठाई खिलाकर सम्मानित किया और उनकी शैक्षणिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि हरीश यादव की यह उपलब्धि प्रशासनिक दायित्वों के सफल निर्वहन के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का भी प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण युवा अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।इस अवसर पर उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने एएसपी हरीश यादव को शुभकामनाएं देते हुए उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक जीवन में निरंतर सफलता की कामना की।

Comments