परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा:क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों की रोकथाम तथा जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना छुरा परिसर में क्षेत्र के कोटवारों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों से आए कोटवारों ने भाग लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने कोटवारों को गांव स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराते हुए सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में कोटवारों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने ग्रामों में आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों, बाहरी लोगों, मुसाफिरों तथा असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब के कारोबार, जुआ-सट्टा अथवा अन्य अवैध कार्यों की जानकारी तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराएं ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं सामाजिक सुरक्षा बनाए रखने में कोटवारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। गांव की छोटी-बड़ी गतिविधियों की जानकारी सबसे पहले कोटवारों तक पहुंचती है, इसलिए उनकी सजगता से कई अपराधों को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सकता है।
बैठक के दौरान कोटवारों को राज्य शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी मोबाइल एप्लीकेशनों की जानकारी भी दी गई। उन्हें "समाधान" ऐप के उपयोग एवं उसके माध्यम से शिकायतों और समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। वहीं महिला कोटवारों के मोबाइल फोन में "अभिव्यक्ति" ऐप डाउनलोड कराकर उसकी उपयोगिता, महिला सुरक्षा संबंधी सुविधाओं एवं आपातकालीन सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
इसके अलावा उपस्थित कोटवारों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए डिजिटल सुरक्षा, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, लिंक एवं सोशल मीडिया धोखाधड़ी से सतर्क रहने और ग्रामीणों को भी जागरूक करने का आग्रह किया गया। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा निकटतम थाना में सूचना देने की सलाह दी।
बैठक में नशामुक्ति अभियान पर भी विशेष चर्चा की गई। कोटवारों से गांव-गांव जाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा समाज के सभी वर्गों के सहयोग से क्षेत्र को अपराध एवं नशामुक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक के अंत में कोटवारों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए संयुक्त रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। थाना छुरा की इस पहल को ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा जन-जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Comments