नगरी: नगर पंचायत नगरी के अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा से उनके रायपुर कार्यालय में सौजन्य मुलाकात कर नगरी नगर के विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मांगपत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने नगरी नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दिलाने, बजरंग चौक से मुख्य मार्ग हृदयीभाठा चौक तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण, राजा बाड़ा में डोम निर्माण, आबादी भूमि, निजुल भूमि एवं बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में सर्वे कार्य कराकर वहां निवासरत लोगों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिलवाले हेतु एवं आवासीय पट्टा दिलवाले हेतु सहित अन्य जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
नपा अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि नगरी नगर पंचायत की वर्तमान आबादी लगभग 19 हजार है और यह अब नगर पालिका के मापदंडों में आ चुकी है। ऐसे में नगरी को नगर पालिका का दर्जा प्रदान किए जाने से नगरवासियों को अतिरिक्त नागरिक सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इस संबंध में उन्होंने परिषद के निर्णय और मांगपत्र के साथ औपचारिक आवेदन भी सौंपा। उन्होंने कहा कि नगर पालिका बनने से नगरी के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
मुलाकात के दौरान अध्यक्ष छाबड़ा ने बताया कि नगरी नगर में बजरंग चौक से मुख्य मार्ग हृदयीभाठा चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण का कार्य वर्ष 2026 के बजट में शामिल है। लगभग 34 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित इस सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रशासनिक स्वीकृति दिलाए जाने हेतु उन्होंने प्रभारी मंत्री से आग्रह किया। इस पर मंत्री टंकराम वर्मा ने विषय को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय मंत्री के पास प्रकरण भेजने के निर्देश अपने सहायक को दिए और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
इसके साथ ही अध्यक्ष छाबड़ा ने नगर के राजा बाड़ा परिसर में डोम निर्माण के लिए भी मांग रखी। उन्होंने बताया कि राजा बाड़ा नगरी का एक प्रमुख सार्वजनिक स्थल है, जहां भव्य दुर्गोत्सव, सामाजिक कार्यक्रम, विवाह समारोह तथा अन्य सामुदायिक आयोजन होते हैं। बरसात के दिनों में कार्यक्रमों के संचालन में कठिनाई होती है, इसलिए यहां स्थायी डोम निर्माण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए लगभग 60 लाख रुपये की लागत से प्रस्ताव तैयार किया गया है, अध्यक्ष एवं पार्षद विधि से 40 लख रुपए के अनुशंसा मिल चुकी है एवं 20 लाख रुपये की अनुशंसा करने का निवेदन प्रभारी मंत्री से किया गया। मंत्री ने इस मांग पर भी सकारात्मक सहमति जताते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने आबादी भूमि, निजुल भूमि तथा बड़े झाड़ के जंगल क्षेत्र में सर्वे कार्य कराए जाने की मांग तथा वहां कई वर्षों से निवासरत लोगों को प्रधानमंत्री आवास का लाभ दिलवाने हेतु भी प्रभारी मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इन विषयों के समाधान से नगर के अनेक लोगों को राहत मिलेगी और भविष्य की विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी। मंत्री टंकराम वर्मा ने इन मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
नपा अध्यक्ष बलजीत छाबड़ा ने बताया कि प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री हैं, इसलिए नगरी नगर के विकास से जुड़े विषयों पर उनसे मुलाकात कर मांगों को विस्तार से रखा गया। उन्होंने कहा कि नगर पालिका दर्जा, फोरलेन निर्माण और अन्य मांगों के संबंध में आगे विभागीय मंत्री अरुण साव तथा मुख्यमंत्री को भी आवेदन सौंपा जाएगा, ताकि नगरी नगर के विकास कार्यों को शीघ्र स्वीकृति मिल सके।
