शाला प्रवेश उत्सव में पुलिस की जनजागरूकता पहल: विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा का दिया संदेश

शाला प्रवेश उत्सव में पुलिस की जनजागरूकता पहल: विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, नशामुक्ति और महिला सुरक्षा का दिया संदेश

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा:शाला प्रवेश उत्सव के अवसर पर थाना प्रभारी छुरा एवं समस्त पुलिस स्टाफ द्वारा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाते हुए विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान साइबर अपराधों से बचाव, नशामुक्ति, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों का पालन, महिला सुरक्षा, पाक्सो अधिनियम तथा पुलिस विभाग के समाधान एवं अभिव्यक्ति ऐप के संबंध में विस्तार से जागरूक किया गया।

आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय छुरा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर ठगी के बढ़ते मामलों तथा उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग जानकारी, ओटीपी अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को दें।

इसके साथ ही विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों में भागीदारी करेगी तो समाज और राष्ट्र दोनों का भविष्य उज्ज्वल होगा।

कार्यक्रम में यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम, महिलाओं एवं बालिकाओं के अधिकारों तथा लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण अधिनियम (पाक्सो एक्ट) के प्रावधानों के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

इसी क्रम में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय छुरा में भी विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां छात्राओं को आत्मरक्षा, महिला हेल्पलाइन सेवाओं, साइबर सुरक्षा तथा पुलिस सहायता प्राप्त करने की प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई। छात्राओं को किसी भी प्रकार की समस्या अथवा अपराध की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं रानी दुर्गावती बलिदान दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों में भी जनजागरूकता अभियान चलाया गया। ग्रामीणों को नशामुक्ति, साइबर अपराध, महिला सुरक्षा एवं सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों एवं युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण हेतु सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया गया।

पुलिस विभाग की इस पहल को विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने सराहा। उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम समाज में अपराधों की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं जागरूक नागरिकों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस अधिकारियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी अभियान लगातार संचालित किए जाने की बात कही।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments