परमेश्वर राजपूत,गरियाबंद :बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव ने मैनपुर क्षेत्र में अमर वीरांगना, अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि रक्षा की प्रतीक रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विधायक ध्रुव ने रानी दुर्गावती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर उनके शौर्य, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन किया तथा उनके आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।इस अवसर पर विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि रानी दुर्गावती का जीवन केवल इतिहास का एक अध्याय नहीं, बल्कि साहस, आत्मसम्मान, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अमर गाथा है। उन्होंने अपने राज्य, संस्कृति और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष किया और आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रभक्ति का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया। उनका बलिदान आज भी समाज को अन्याय के विरुद्ध डटकर खड़े होने तथा अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि रानी दुर्गावती जैसी महान विभूतियों के जीवन से प्रेरणा लेकर युवाओं और समाज को राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनके आदर्श सदैव समाज को सत्य, साहस और स्वाभिमान के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे।
प्रवेश उत्सव में बच्चों का किया स्वागत
बलिदान दिवस कार्यक्रम के पश्चात विधायक जनक ध्रुव ग्राम देहारगुड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला में आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ध्रुव ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का केंद्र नहीं है, बल्कि यह संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और सपनों को आकार देने का पावन मंदिर है। प्रवेश उत्सव बच्चों के जीवन में एक नई शैक्षणिक यात्रा का शुभारंभ है, जो उन्हें ज्ञान, आत्मविश्वास और सफलता के नए आयामों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का आधार है। प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। शिक्षा वह प्रकाश है जो जीवन के हर मार्ग को आलोकित करता है और बच्चों के सपनों को नई उड़ान देता है।
शिक्षकों और अभिभावकों की भूमिका की सराहना
विधायक जनक ध्रुव ने कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के उत्साह, अभिभावकों के विश्वास और शिक्षकों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के प्रति समाज की सकारात्मक सोच ही बच्चों के बेहतर भविष्य की गारंटी है। उन्होंने सभी अभिभावकों से बच्चों की नियमित पढ़ाई और विद्यालय उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।उन्होंने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और शिक्षा के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में उत्साह और उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

Comments