रायपुर: लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की बैठक लेकर प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्गों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने रायपुर के पेंशनबाड़ा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता कार्यालय में आयोजित बैठक में ठेकेदारों को निर्माणाधीन सड़कों पर वैकल्पिक या डायवर्टेड मार्ग बनाकर काम करने के निर्देश दिए, ताकि बरसात में लोगों को आवाजाही में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। उन्होंने केशकाल घाटी बायपास सड़क के काम में तेजी लाते हुए सड़क के साथ ही इस मार्ग में बनने वाले दो बड़े पुलों का काम भी जल्द शुरू करने को कहा।
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी अभिजीत कुमार और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार भी समीक्षा बैठक में शामिल हुए।
मार्च 2027 तक पूरे होंगे भारतमाला परियोजना के प्रमुख मार्ग
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने बैठक में बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास मार्ग का काम अगले वर्ष मार्च तक पूरा कर लिया जाएगा। भारतमाला परियोजना के तहत ही निर्माणाधीन रायपुर-धनबाद इकोनॉमिक कॉरिडोर का काम भी तेज गति से चल रहा है।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली भारतमाला परियोजना की सड़कों का पूरा लाभ उठाने के लिए राज्य की सड़कों को इनसे जोड़ने हेतु टू-लेन और फोर-लेन सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, जिससे इन इकोनॉमिक कॉरिडोर्स का पूरा लाभ राज्य को मिल सके।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के इन सड़क खंडों के शुरू हो जाने से राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। माल और यात्री परिवहन की दृष्टि से ये सड़कें बेहद महत्वपूर्ण हैं।
फ्लाईओवर, भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन मामलों की भी समीक्षा
लोक निर्माण विभाग के सचिव ने बैठक में NHAI द्वारा रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में प्रस्तावित फ्लाईओवरों की स्वीकृति की प्रगति की भी जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित भूमि अधिग्रहण और वन-व्यपवर्तन के लंबित मामलों की जानकारी समय पर उच्च कार्यालयों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि इनके निराकरण की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने विभिन्न जिलों में सड़कों और पुलों के निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन और कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।
सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर
मुकेश कुमार बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण के दौरान ब्लैक स्पॉट्स को खत्म करने तथा सड़क सुरक्षा के मापदंडों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानकों के अनुरूप ही सड़कों पर गति अवरोधकों का निर्माण करने को कहा।
उन्होंने सभी अधिकारियों को लगातार फील्ड में जाकर कार्यों का बारीकी से निरीक्षण करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समयावधि में काम पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता और समय-सीमा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप और अधीक्षण अभियंता एस.एस. माझी सहित पांचों राष्ट्रीय राजमार्ग संभागों के कार्यपालन अभियंता और अनुविभागीय अधिकारी भी बैठक में मौजूद थे।
ठेकेदारों की बैठक लेकर समस्याओं की ली जानकारी
लोक निर्माण विभाग के सचिव बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण कर रहे ठेकेदारों की बैठक लेकर कार्यस्थलों पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अनुबंध के अनुसार निर्माण कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के साथ ही गुणवत्ता और समय पर कार्य पूर्णता में कोई समझौता नहीं करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण से राज्य की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। इनके निर्माण में किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं है। निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण कार्य होना चाहिए।

Comments