रायपुर के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा जांच, 4 सेंटरों में मिली गंभीर खामियां; 7 दिन का अल्टीमेटम

रायपुर के कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा जांच, 4 सेंटरों में मिली गंभीर खामियां; 7 दिन का अल्टीमेटम

रायपुर : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज स्थित एक इमारत में लगी भीषण आग में 15 लोगों की मौत के बाद छत्तीसगढ़ में भी एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है। इसी कड़ी में रायपुर नगर निगम, अग्निशमन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच शुरू कर दी है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का किया गया परीक्षण

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के आदेश और नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर 23 और 24 जून 2026 को दो दिवसीय विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के 7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान प्रवेश और निकास व्यवस्था, अग्नि सुरक्षा, फायर एनओसी, अग्निशामक यंत्र, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की सुरक्षा, क्षमता अनुरूप संचालन और अन्य सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया।

ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है

निरीक्षण में अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन में अधिकांश आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध पाई गईं। हालांकि, कुछ संस्थानों में वेंटिलेशन एवं क्षमता अनुरूप संचालन के संबंध में सुधारात्मक सुझाव दिए गए हैं।

इन 4 कोचिंग संस्थानों में मिली गंभीर खामियां

वहीं अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में विभिन्न सुरक्षा मानकों से संबंधित गंभीर कमियां पाई गईं। इन संस्थानों में फायर एनओसी, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन निकास, पर्याप्त वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों का अभाव पाया गया।

अग्निशमन विभाग ने गंभीर कमियां पाए जाने वाले संस्थानों के प्रति असंतोष व्यक्त करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है। संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर सभी जरूरी सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही संबंधित जोन अधिकारियों को भवन अनुमति, बीसीसी, स्वीकृत क्षमता, पार्किंग और अन्य वैधानिक प्रावधानों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रायपुर नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद संबंधित संस्थानों का पुनः निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुपालन की समीक्षा की जाएगी। निर्धारित निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







You can share this post!


Click the button below to join us / हमसे जुड़ने के लिए नीचें दिए लिंक को क्लीक करे


Related News



Comments

  • No Comments...

Leave Comments