परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद / छुरा : गरियाबंद जिले के छुरा नगर के प्रसिद्ध योगाचार्य, समाजसेवी एवं पतंजलि युवा भारत के राज्य सोशल मीडिया प्रभारी मिथलेश कुमार सिन्हा को योग, स्वास्थ्य जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रीय स्तर के प्रतिष्ठित "इंडिया स्टार बेस्ट योगा टीचर अवार्ड-2026" से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान हरियाणा के गुरुग्राम स्थित राष्ट्रीय संस्था इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड, जो कॉर्पोरेट कार्य मंत्रालय, भारत सरकार से संबद्ध है, द्वारा प्रदान किया गया।संस्था द्वारा जारी प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा ने योग शिक्षा, निःशुल्क योग प्रशिक्षण, जनस्वास्थ्य जागरूकता, समाज सेवा तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी कार्य किए हैं। उनके इसी समर्पण और उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें वर्ष 2026 के इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा पिछले लगभग 12 वर्षों से योग के प्रचार-प्रसार एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनके द्वारा नियमित रूप से निःशुल्क योग शिविर एवं योग कक्षाओं का संचालन किया जाता है, जिनमें बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक एवं आमजन भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ प्राप्त करते हैं। उन्होंने योग को केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली का आधार बनाकर समाज के बीच स्थापित करने का सतत प्रयास किया है।योग के साथ-साथ वे पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय हैं। उनके नेतृत्व में समय-समय पर वृक्षारोपण अभियान, नशा मुक्ति रैली, स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं प्रकृति संरक्षण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। इन अभियानों के माध्यम से उन्होंने समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण के प्रति जनजागरण का प्रभावी संदेश पहुंचाया है।
इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड की प्रथम संपादक श्रीमती वीणा अग्रवाल ने सम्मान प्रदान करते हुए कहा कि योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा का समर्पण, सेवा भावना एवं समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे भविष्य में भी इसी निष्ठा और उत्साह के साथ योग, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में समाज को नई दिशा प्रदान करते रहेंगे।
इस सम्मान की सूचना मिलते ही छुरा नगर एवं पूरे गरियाबंद जिले में हर्ष का वातावरण है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों, योग साधकों एवं नागरिकों ने योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए इसे छुरा नगर और गरियाबंद जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।सम्मान प्राप्त करने के बाद योगाचार्य मिथलेश कुमार सिन्हा ने अपनी इस उपलब्धि को अपने माता-पिता, गुरुजनों, योग साधकों, सहयोगियों एवं क्षेत्रवासियों को समर्पित करते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल एक पुरस्कार नहीं, बल्कि समाज में योग, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में और अधिक समर्पण एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में भी वे जनहित एवं राष्ट्रहित के कार्यों में पूरी निष्ठा से सक्रिय रहेंगे।

Comments