रायपुर: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल ने अब सिर्फ आवास निर्माण तक सीमित रहने के बजाय प्रदेश में अधोसंरचना विकास की दिशा में भी बड़ा कदम बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नया रायपुर स्थित सर्किट हाउस में मंडल के नए लोगो का विमोचन करते हुए कहा कि अब यह संस्था राज्य के विकास कार्यों को नई गति देने में अहम भूमिका निभाएगी।
नए लोगो के साथ नई पहचान
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मंडल के नए लोगों का अनावरण किया, इस लोगो को डिजाइन करने वाले अंशुल कश्यप को 2.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने इसे मंडल के नए विजन और नई कार्यशैली को प्रतीक बताया।
आवास मेले के विजेताओं को मिले आकर्षक पुरस्कार
वर्ष 2025 के आवास मेले में मकान बुक करने वाले हितग्राहियों के लिए आयोजित लकी ड्रा में विजेताओं को कार, स्कूटी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एलईडी टीवी समेत कई आकर्षक पुरस्कार दिए गए। सारंगढ़ की पूजा बरेठ ने प्रथम पुरस्कार के रुप में कार जीती।
ये भी पढ़े :मुखिया के मुखारी - पैसा सबसे ज्यादा जरुरी है
दो साल में आर्थिक मजबूती की ओर बढ़ा मंडल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में मंडल ने 7 हजार से अधिक परिसंपत्तियों का विक्रय कर करीब 1,500 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। इससे मंडल की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है और अब वह बड़े अधोसंरचना प्रोजेक्ट्स पर काम करने के लिए तैयार है।
18 लाख आवासों की स्वीकृति से लेकर सोलर योजना तक
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों को मंजूरी दी गई थीं। वर्तमान में लाखों परिवारों के पक्के घर तैयार हो चुके हैं और प्रतिदिन नए आवासों का निर्माण जारी है। उन्होंने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सेवा सेतु. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और बिजली बिल भुगतान समाधान योजना जैसी योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार सुशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही हैं।
पूंजीगत विकास को मिलेगी नई रफ्तार
आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि गृह निर्माण मंडल को अधोसंरचना विकास मंडल के रूप में नई जिम्मेदारी दी गई है, जिससे प्रदेश में पूंजीगत विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि अब नई आवासीय परियोजनाएं पर्याप्त बुकिंग के बाद ही शुरू की जाएंगी, जिससे वित्तीय जोखिम कम होगा और संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित होगा।
मांग आधारित परियोजनाओं पर रहेगा फोकस
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने कहा कि संस्था अब मांग आधारित, गुणवत्तापूर्ण और आर्थिक रुप से व्यवहारिक परियोजनाओं पर विशेष ध्यान देगी। नई कार्य संस्कृति और बेहतर वित्तीय प्रबंधन के जरिए मंडल के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

Comments