रायपुर :रायपुर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा शहर में संचालित ई रिक्शाओं के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के उद्देश्य से डिजिटल ई रिक्शा पंजीयन एवं क्यूआर कोड आधारित पहचान प्रणाली का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इस अभिनव पहल के अंतगर्त जनहित आर. फाउंडेशन द्वारा एक विशेष डिजिटल ऐप विकसित किया गया , जिसके माध्यम से ई रिक्शा चालकों का ऑनलाइन पंजीयन कर प्रत्येक वाहन को यूनिक क्यूआर कोड प्रदान किया गया।
यह पहल रायपुर को देश का पहला ऐसा पुलिस कमिश्नरेट बनाती है , जहां ई रिक्शाओं का इस प्रकार का व्यापक डिजिटल पंजीयन सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस अभिनव कार्य के लिए आज रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराकर एक नई उपलब्धि हासिल की है। यह सम्मान डिजिटल नवाचार , नागरिक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्य का प्रमाण है। इस अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से नागरिकों को सुरक्षित एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिकता है। ई रिक्शा पंजीयन एवं क्यूआर कोड प्रणाली से वाहन एवं चालक की पहचान आसान होगी , जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा यातायात प्रबंधन में भी प्रभावी सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में श्रीमती अर्चना झा, श्री विवेक शुक्ला, श्री गुरजीत सिंह, श्री सतीश कुमार ठाकुर तथा जनहित आर. फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री ऋषभ सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी अतिथियों ने इस पहल की सराहना करते हुए, इसे डिजिटल इंडिया, स्मार्ट सिटी एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण और अनुकरणीय कदम बताया। जनहित आर. फाउंडेशन द्वारा विकसित डिजिटल ऐप ने इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments